विवाहिता की हत्या में एफआईआर
नेपाल में इनरवा बाजार की एक 20 वर्षीय लड़की खूशबू खातुन की दहेज के लिए हत्या का आरोप उसके मायके वालों ने ससुराल वालों पर लगाया है। शादी के कुछ महीनों बाद ससुराल में दहेज की मांग के कारण हालात बिगड़ गए। परिवार ने आरोप लगाया कि मंगलवार को गला दबाकर उसे मार दिया गया और शव को आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया गया।

मैनाटाड़,एक प्रतिनिधि। नेपाल में करीब पांच महीने पहले ब्याही गई इनरवा बाजार की एक लड़की की दहेज के लिए मंगलवार की रात में हत्या करने का आरोप मायके वालों ने ससुराल वालों पर लगाया है। आरोप है कि हत्या को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को घर में टांग दिया गया है।मृतका इनरवा बजार निवासी असरफ मियां की बीस वर्षीय पुत्री खूशबू खातुन थी। उसकी शादी 19 जनवरी को नेपाल के परसा जिला स्थित श्रीपुर चौकी के समीप राधेमाई नगरपालिका में हुई थी। आरोप है कि शादी के कुछ दिनों बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा दहेज में एक नेपाली बाइक और तीन लाख नेपाली रुपये की मांग होने लगी।
मांग पूरी नहीं होने पर जान से मारने की धमकियां दी जाती थीं। परिजनों ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच विवाद सुलझाने के लिए छह बार पंचायती हुई। घटना से पांच दिन पहले भी एक पंचायत आयोजित की गई थी। लेकिन इसके बावजूद मामला शांत नहीं हो सका। परिजनों का आरोप है कि मंगलवार की रात खुशबू की गला दबाकर हत्या कर दी गई और बाद में उसे फंदे से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गयी। इस मामले में मृतका के पति अरबाज आलम (24 वर्ष), ससुर आस मोहम्मद मियां (55 वर्ष) सहित अन्य परिजनों पर हत्या का आरोप लगाया गया है। मामले में नेपाली पुलिस ने शव के पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। इधर, खुश्बू की मौत से उसके मायके में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। शव इनरवा आते ही परिजनों में चित्कार मच गया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


