नेपाल में जलप्रलय से अलीगढ़ के एक्सपोर्ट पर संकट
अलीगढ़, वरिष्ठ संवाददाता नेपाल में आए जलप्रलय से हार्डवेयर निर्यात पर संकट खड़ा

अलीगढ़, वरिष्ठ संवाददाता नेपाल में आए जलप्रलय से हार्डवेयर निर्यात पर संकट खड़ा हो गया है। नेपाल के कई शहरों में आई भारी तबाही के कारण सिस्टम पूरी तरह से लड़खड़ा गया है। नेपाल बार्डर के कस्टम जोन से कॉमर्शियल वाहनों को सीमित संख्या में भीतर भेजा रहा है। नेपाल के कस्टम विभाग ने अभी माल की सप्लाई सीमित रखने के लिए कहा है। अलीगढ़ से बड़ी संख्या में हार्डवेयर निर्यातक एक्सपोर्ट करते हैं। प्राकृतिक आपदा से निर्यात पर संकट खड़ा हो गया है। निर्यातक तैयार स्टॉक को लेकर परेशान हैं।नेपाल के काठमांडू समेत आसपास के शहरों में ग्लेशियर पिघलने के बाद आई भारी बाढ़ व मलबे के कारण हजारों की संख्या में मानव क्षति हुई है।
दर्दनाक मंजर देखकर लोगों की रूह कांप जा रही है। हादसे के दौरान अलीगढ़ के भी आधा दर्जन से अधिक परिवार व निर्यातक कारोबार के सिलसिले में गए थे। हालांकि अब वह वापस नेपाल से लौट आए हैं। नेपाल से वापस लौटे हार्डवेयर निर्माताओं ने बताया कि जिस स्थान पर वह थे वहां बाढ़ नहीं थी। लेकिन अलर्ट जारी होने के कारण वहां से लोग सुरक्षित स्थानों पर जाने लगे। टिकट कराकर तत्काल अलीगढ़ लौट आए। गनीमत रही कि जिस स्थान पर हादसा हुआ वहां पर टूर का कार्यक्रम नहीं था। हार्डवेयर व डोर फिटिंग के उत्पाद नेपाल भेजने वाले निर्यातकों की परेशानी बढ़ने वाली है। नेपाल के बड़े शहरों के ट्रेडर्स ही छोटे गांव व कस्बों के बाजार तक उत्पाद भेजते थे। जिन स्थानों पर आपदा आई है वहां पर दुकान व बाजार नहीं बचे हैं। ऐसे में वहां पर दोबारा कारोबार शुरू होने में लंबा समय लगेगा।


