नेपाल में कोरोना एक दिन में रिकॉर्ड 79 मामले, देश में कुल 682 कोविड-19 मरीज
नेपाल में सोमवार (25 मई) को कोरोना वायरस के 79 नए मामले सामने आए, जिससे देश में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 682 हो गई। यह संख्या किसी एक दिन में सबसे अधिक है। स्वास्थ्य अधिकारियों ने यह जानकारी...

नेपाल में सोमवार (25 मई) को कोरोना वायरस के 79 नए मामले सामने आए, जिससे देश में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 682 हो गई। यह संख्या किसी एक दिन में सबसे अधिक है। स्वास्थ्य अधिकारियों ने यह जानकारी दी। नेपाल ने कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए देशव्यापी लॉकडाउन दो जून तक के लिए बढ़ा दिया है। नेपाल उन देशों में से है जहां कोराना वायरस के मामले सबसे कम आए हैं।
स्वास्थ्य और जनसंख्या मंत्रालय के अनुसार सोमवार को संक्रमण के 79 नए मामले सामने आए। इसके साथ ही संक्रमितों की संख्या बढ़कर 682 हो गई। नेपाल में सोमवार को 25 मरीजों को अस्पताल से छुट्टी दे गयी, जिनमें से 18 एक ही परिवार के हैं। नेपाल में अब तक कुल 112 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि 566 लोग अभी संक्रमित हैं।
कोरोना वायरस संक्रमण की जांच के लिए अब तक 51,642 लोगों की जांच की गई है। नेपाल में 24 मार्च को लॉकडाउन लागू किया गया था, जो दो जून तक प्रभावी रहेगा। हालांकि, नेपाल ने सभी घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को 14 जून तक के लिए रद्द कर दिया है।
पाकिस्तान में कोरोना मरीजों की संख्या 56 हजार के पार
वहीं, पाकिस्तान में कोरोना वायरस संक्रमण के 1,748 नए मामले सामने आने के बाद कुल संक्रमितों की संख्या सोमवार (25 मई) को 56,349 हो गई और इस खतरनाक वायरस की वजह से अब तक 1,167 लोगों की मौत हुई है।राष्ट्रीय स्वास्थ्य सेवा मंत्रालय ने बताया कि सिंध प्रांत में अब तक संक्रमण के 22,491, पंजाब में 20,077, खैबर पख्तूनख्वा में 7,905, बलूचिस्तान में 3,407, इस्लामाबाद में 1,641 गिलगित-बाल्तिस्तान में 619 और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में 209 मामले हैं।
पिछले 24 घंटे में 34 लोगों की मौत हुई जिसके बाद इस वायरस से अब तक देश में 1,167 लोगों की जान जा चुकी है। वहीं, अब तक 17,482 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। देश भर में अब तक 483,656 नमूनों की जांच की गई है। ईद को देखते हुए रियायतों में छूट देने के बाद यहां सक्रमित लोगों की संख्या बढ़ सकती है। देश में रविवार (24 मई) को ईद मनाई गई थी।
लेखक के बारे में
Rakesh Kumarलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


