अफगानिस्तान के विजय दिवस समारोह में शामिल हुए नवेद मियां
रामपुर के पूर्व मंत्री नवाब काज़िम अली खां उर्फ नवेद मियां ने भारत स्थित अफगानिस्तान दूतावास में विजय दिवस समारोह में भाग लिया। उन्होंने अफगानिस्तान के कार्यवाहक राजदूत से मिलकर दोनों देशों के बीच बढ़ते संबंधों की चर्चा की। इस अवसर पर कई देशों के राजनयिकों ने भी समारोह में भाग लिया।

रामपुर। रामपुर के अंतिम शासक नवाब रज़ा अली खां के पौत्र एवं पूर्व मंत्री नवाब काज़िम अली खां उर्फ नवेद मियां ने भारत स्थित अफगानिस्तान दूतावास में आयोजित विजय दिवस समारोह में शिरकत की। नवेद मियां ने भारत में अफगानिस्तान के कार्यवाहक राजदूत मुफ़्ती नूर अहमद नूर सहित कई अहम शख्सियतों से मुलाकात की और विभिन्न विषयों पर बातचीत की। नवेद मियां ने बताया कि अफगानिस्तान में प्रत्येक वर्ष 15 अगस्त को विजय दिवस मनाया जाता है। इस दिन को पश्चिमी प्रभुत्व के खिलाफ अपनी जीत के रूप में मनाया जाता है। कल रात्रि नई दिल्ली स्थित दूतावास में आयोजित भव्य विजय दिवस समारोह में पूर्व मंत्री नवेद मियां के अलावा उज्बेकिस्तान, कजाकिस्तान, नाइजर, कतर, ओमान, सर्बिया, फिलिस्तीन, ईरान समेत अनेक देशों के राजनयिकों ने भाग लिया।
कार्यवाहक राजदूत मुफ्ती नूर अहमद नूर ने इस कार्यक्रम की मेजबानी की। इसमें विदेश मंत्रालय के एक प्रतिनिधिमंडल ने भाग लिया। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व संयुक्त सचिव (पाकिस्तान, अफगानिस्तान और ईरान) आनंद प्रकाश ने किया।कार्यक्रम में मुफ़्ती नूर अहमद नूर ने कहा कि हाल अफगानिस्तान और भारत के बीच संबंधों में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। दोनों देशों के बीच आधिकारिक राजनयिक संपर्क बढ़े हैं। दूतावास और वाणिज्य दूतावास अधिक सक्रिय हो गए हैं। अफगानिस्तान के विदेश मंत्री के साथ-साथ अन्य क्षेत्रीय मंत्रालयों के मंत्रियों ने भारत का दौरा किया है और दोनों देशों ने विभिन्न क्षेत्रों में समझौते किए हैं। ये घटनाक्रम अफगानिस्तान और भारत के बीच सहयोग को और मजबूत करने और विस्तारित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।


