नोबेल विजेता नवी पिल्लै ने अमेरिका प्रतिबंधों की आलोचना की
- अमेरिका दुनिया के लिए फिर निभाए नेतृत्व की जिम्मेदारी - कहा, आईसीसी को

द हेग, एजेंसी। नोबेल शांति पुरस्कार विजेता नवी पिल्लै ने मंगलवार को आईसीसी पर अमेरिकी प्रतिबंधों की आलोचना की। उन्होंने अमेरिका से मानवाधिकारों की रक्षा की भूमिका निभाने का आग्रह किया है।नवी पिल्लै ने यह अपील ऐसे समय की है, जब अमेरिका अंतरराष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय (आईसीसी) को कमजोर करने की कोशिश कर रहा है। 85 वर्षीय पिल्लै ने कहा कि मेरा संदेश है कि अमेरिका को दुनिया के लिए एक नेता और स्वतंत्रता दिलाने वाले देश की अपनी गंभीर भूमिका फिर से निभानी चाहिए। वह संयुक्त राष्ट्र के सर्वोच्च न्यायिक निकाय आईसीजे में न्यायाधीश के रूप में कार्यरत हैं। शुक्रवार को पिल्लै को नोबेल शांति पुरस्कार दिए जाने की घोषणा के कुछ घंटे बाद ही अमेरिका ने उनके पूर्व संस्थान आईसीसी पर व्यापक प्रतिबंधों की घोषणा की थी।
पिल्लै ने कहा कि नोबेल पुरस्कार की घोषणा के तुरंत बाद आईसीसी पर प्रतिबंध लगाना महज संयोग नहीं हो सकता। यह अंतरराष्ट्रीय संधि के तहत स्थापित संस्था पर अभूतपूर्व हमला है। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। हालांकि, आईसीसी के जरिये अंतरराष्ट्रीय आपराधिक न्याय व्यवस्था को निशाना बनाने की योजनाएं काफी समय से चल रही थीं। पिल्लै ने बताया कि नूर्नबर्ग से द हेग लौटने के बाद सबसे पहले आईसीसी के कर्मचारियों से मुलाकात की। इसका उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय आपराधिक न्याय को बढ़ावा देने के उनके काम के प्रति एकजुटता जताना और पहले से प्रतिबंधों का सामना कर रहे लोगों का समर्थन करना था।

