रूसी ड्रोन हमलों के बाद यूक्रेन को और मदद देगा नाटो : रूटे
नाटो महासचिव मार्क रूटे ने कहा कि रूस के ड्रोन हमलों के बाद नाटो यूक्रेन के लिए मदद बढ़ाएगा। हमले रूस की बढ़ती हताशा का संकेत हैं। पोलैंड ने सीमा पर सुरक्षा को बढ़ाने का निर्णय लिया है। यूक्रेन में हवाई हमलें बढ़ रहे हैं, जिससे सुरक्षा चिंताएँ और गहरी हो गई हैं।

विदेश ::: रूसी ड्रोन हमलों के बाद यूक्रेन को और मदद देगा नाटो : रूटे - नाटो महासचिव ने हमलों को रूस की बढ़ती हताशा, लापरवाही का संकेत बताया
वारसा, एजेंसी। नाटो महासचिव मार्क रूटे ने सोमवार को कहा कि यूक्रेन-पोलैंड सीमा के पास रूस के ड्रोन हमलों के बाद सैन्य गठबंधन यूक्रेन के लिए अपना समर्थन और बढ़ाएगा। उन्होंने रविवार के हमलों को रूस की बढ़ती हताशा और लापरवाही का संकेत बताया।
पोलैंड सुरक्षा बढ़ाएगा
ब्रसेल्स में नाटो के राजनीतिक मुख्यालय में रूटे ने कहा कि यूक्रेन में नाटो क्षेत्र के करीब ट्रेन पर किए गए हमले रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की हताशा और लोगों में डर एवं आतंक पैदा करने की उनकी कोशिश को दर्शाते हैं। उन्होंने कहा कि यूक्रेन के खिलाफ युद्ध जारी रखते हुए रूस लगातार अधिक लापरवाह होता जा रहा है। रूटे ने यूक्रेन को समर्थन बढ़ाने और रूस के साथ नाटो की पूरी पूर्वी सीमा पर गठबंधन की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने का संकल्प जताया। उन्होंने कहा कि पुतिन को लगता है कि वह यूक्रेन को नाटो के समर्थन से रोक सकते हैं और गठबंधन की एकता को कमजोर कर सकते हैं, लेकिन वह गलत हैं। रूटे का यह बयान ऐसे समय आया है जब पोलैंड ने यूक्रेन के साथ अपनी सीमा पर सुरक्षा बढ़ाने का संकल्प लिया है। यूक्रेन के सीमावर्ती इलाकों में रूस की ओर से ड्रोन हमलों की एक लहर के दौरान दो ड्रोन पोलैंड की सीमा से कुछ किलोमीटर दूर तक पहुंच गए थे।
रूस पर हवाई हमले
यूक्रेन के साथ सीमा के पास रूसी ड्रोन हमलों की एक लहर के बाद पोलैंड ने अपनी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने का फैसला किया है। हमलों के दौरान दो ड्रोन पोलैंड की सीमा से कुछ किलोमीटर की दूरी तक पहुंच गए थे। पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क ने चेतावनी दी कि मॉस्को यूरोपीय देशों के साथ यूक्रेन की सीमाओं पर अपने अभियान को और तेज करने की तैयारी में दिख रहा है। रूस की ओर से यूक्रेन पर हवाई हमले लगातार बढ़ रहे हैं। इन हमलों में बैलिस्टिक मिसाइलों और जेट इंजन वाले ड्रोन का इस्तेमाल किया जा रहा है, जो यूक्रेन की वायु रक्षा को भेदने की कोशिश कर रहे हैं।


