बसफरा के युवक की सऊदी अरब में मौत
जहानाबाद के युवक अजय की सऊदी अरब में अज्ञात कारणों से मौत हो गई। परिजनों को चार दिन बाद सूचना मिली, जिससे वे सदमे में हैं। परिजन कंपनी से संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन कोई जवाब नहीं मिल रहा है। हत्या का शक होने से परिवार का तनाव बढ़ता जा रहा है।

जहानाबाद। पिछले डेढ़ साल से सऊदी अरब के पेट्रोल पंप में कार्यरत युवक की अज्ञात कारणों से मौत हो गई। साथ के कर्मचारियों द्वारा चार दिन बाद मौत की खबर पाकर परिजनों में चीत्कार मच गई। कंपनी द्वारा जवाब न देने पर परिजन हत्या का आरोप लगा रहे है। फिलहार परिजन लगातार कर्मचारियों और कंपनी से संपर्क बनाने में जुटे है। ताकि शव लाने की प्रक्रिया बढ़ाई जा सके। जहानाबाद थाना क्षेत्र के बसफरा गांव निवासी अजीत का 26 वर्षीय पुत्र अजय पिछले डेढ़ वर्ष से सऊदी अरब के जद्दा शहर स्थित एक पेट्रोल पंप में कार्यरत था। बीते गुरूवार को युवक के साथियों द्वारा परिजनों को सूचना दी गई कि 14 सितंबर को युवक की मौत हो गई है लेकिन कारण नहीं बता सके।
मौत की खबर पाते ही परिजनों में कोहराम मच गया। जिसके बाद मृतक युवक के पिता अजीत ने बताया कि साथियों से मिली जानकारी के बाद कंपनी से संपर्क किया जा रहा है लेकिन अभी तक किसी भी प्रकार का जवाब नहीं दिया जा सका है। जिसके बाद से परिजनों में हत्या किए जाने की आशंका गहराने लगी है। पिता ने बताया कि सहकर्मियों से लगातार संपर्क बना हुआ है और शव लाने की प्रक्रिया की जा रही है। अभी तक किसी भी प्रकार की न तो कार्रवाई हुई और न ही कंपनी की ओर से मौत की पुष्टि की जा रही है। थाना प्रभारी योगेश कुमार ने बताया कि ऐसे किसी मामला उनके संज्ञान में नही है, जानकारी कराई जा रही है।


