अररिया: प्रिंस यादव मौत मामले में पुलिस की जांच जारी, कोई खुलासा नहीं
पटना के ज्ञान बिंदु कोचिंग संस्थान से जुड़े प्रिंस यादव की संदिग्ध मौत के मामले में नेपाल पुलिस जांच कर रही है। जांच टीम ने मृतक के साथ ठहरे चार भारतीय नागरिकों से पूछताछ की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण स्पष्ट होंगे। पुलिस हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है।

जोगबनी से बरूण मिश्रा की रिपोर्ट पटना के चर्चित ज्ञान बिंदु कोचिंग संस्थान से जुड़े प्रिंस यादव की संदिग्ध मौत मामले में नेपाल पुलिस की जांच लगातार जारी है। मामले को लेकर पुलिस ने मृतक के साथ होटल में ठहरे चार भारतीय नागरिकों से पूछताछ जारी रखी है, जबकि एक नेपाली नागरिक को आवश्यकता पड़ने पर तत्काल उपस्थित होने की शर्त पर रिहा कर दिया गया है। मामले की जानकारी देते हुए पुलिस प्रवक्ता डीएसपी मर्केंद्र कुमार मिश्र ने बताया कि घटना के कारणों का स्पष्ट खुलासा अभी नहीं हो सका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो पाएगी।
उन्होंने कहा कि रिपोर्ट मिलने के बाद ही हिरासत में लिए गए भारतीय नागरिकों के संबंध में आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। डीएसपी मिश्र ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट शीघ्र प्राप्त करने के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ लगातार समन्वय स्थापित किया जा रहा है। वहीं हिरासत में लिए गए सभी व्यक्तियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाने के लिए भारतीय पुलिस से भी संपर्क कर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है। पुलिस के अनुसार मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कई महत्वपूर्ण तथ्यों से पर्दा उठने की संभावना है। फिलहाल जांच पूरी होने तक पुलिस किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से बच रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


