अमेरिकी हमलों के बाद ईरान में रहस्यमयी हवाई हमले
- इन हमलों की किसी ने जिम्मेदारी नहीं ली दुबई, एजेंसी। अमेरिका

अमेरिका द्वारा ईरान पर अपने ताजा हवाई हमले समाप्त करने की घोषणा के कुछ ही घंटे बाद ईरान के विभिन्न हिस्सों में रहस्यमयी हवाई हमले हुए। इन हमलों की किसी ने जिम्मेदारी नहीं ली है, जिससे यह सवाल खड़ा हो गया कि ईरान को आखिर कौन निशाना बना रहा है।
हमलों का समय
ये हमले गुरुवार को उस समय हुए, जब ईरान अपने दिवंगत सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार की तैयारियों में जुटा था। हमले दक्षिणी ईरान के कई इलाकों में हुए। ईरानी सरकार ने किसी देश पर सीधे आरोप नहीं लगाया है, लेकिन संसद की राष्ट्रीय सुरक्षा समिति के सदस्य इस्माइल कौसारी ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) पर अमेरिका का साथ देने का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी। साथ ही कहा कि उसे इसकी कीमत चुकानी पड़ेगी। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने बताया कि गुरुवार सुबह उसने ईरान में करीब 90 ठिकानों पर हमले कर अपना अभियान समाप्त कर दिया। इसके तुरंत बाद बुशेहर, सिस्तान-बलूचिस्तान, अहवाज, चाबहार सहित कई क्षेत्रों में विस्फोट और नए हवाई हमलों की खबरें सामने आईं। हालांकि इन अतिरिक्त हमलों पर सेंटकॉम ने कोई टिप्पणी नहीं की।
ईरान के जवाबी हमले
इन हमलों के जवाब में ईरान ने बहरीन, जॉर्डन, कुवैत और कतर की ओर मिसाइलों की बौछार की। चारों देशों में एयर रेड सायरन बजाए गए और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा। कुवैत में एक व्यक्ति के घायल होने की भी खबर है।
इजरायल की स्थिति
ईरान के साथ युद्ध में शामिल रहा इजरायल भी इन ताजा हमलों की जिम्मेदारी लेने से बचा है। हालांकि इजरायल के रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज ने कहा कि यदि जरूरत पड़ी तो उनकी सेना ईरान के खिलाफ तीसरी बार भी अभियान शुरू करने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि इजरायली सेना पूरी तरह सतर्क है।
होर्मुज जलडमरूमध्य पर तनाव
इस बीच ईरान ने दोहराया है कि होर्मुज जलडमरूमध्य पर उसका पूर्ण नियंत्रण होना चाहिए और वहां से गुजरने वाले पोतों को शुल्क देना होगा। दूसरी ओर अमेरिका और खाड़ी देश इसे अंतरराष्ट्रीय जलमार्ग बताते हुए पोतों की निर्बाध आवाजाही पर जोर दे रहे हैं।
अंतिम संस्कार की प्रक्रिया
खामेनेई को सुपुर्द-ए-खाक किया
मशहद। ईरान के दिवंगत सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई और उनके परिवार के अन्य सदस्यों को गुरुवार देररात को मशहद शहर के इमाम रजा दरगाह में सुपुर्द-ए-खाक किया गया। ईरान की समाचार एजेंसी इरना के अनुसार देर रात खामेनेई के बड़े बेटे हुज्जतुलइस्लाम सैय्यद मुस्तफा हुसैनी खामेनेई की अगुवाई में लाखों लोगों ने जनाजे की नमाज अदा की। इसके साथ ही ईरान और पड़ोसी देश इराक के पांच शहरों में छह दिनों से चल रहा शोक यात्रा संपन्न हो गया।
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


