खेल : मोनांक के शतक से अमेरिका ने खिताब जीता
हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
कप्तान मोनांक पटेल के शानदार 108 रन की बदौलत अमेरिका ने नामीबिया को चार विकेट से हराकर आईसीसी क्रिकेट वनडे विश्व कप लीग-2 का खिताब जीत लिया। अमेरिका ने 299 रन का लक्ष्य सात गेंद शेष रहते हासिल किया। स्मित पटेल ने 50 और शेहान जयसूर्या ने 74 रन बनाए। नामीबिया के माइकल वान लिंगेन ने 124 रन बनाए। इस जीत से अमेरिका की शीर्ष स्थान पर पकड़ मजबूत हुई।

डलास (अमेरिका), एजेंसी। कप्तान मोनांक पटेल (108) के शानदार शतक से अमेरिका ने नामीबिया को चार विकेट से हराकर आईसीसी क्रिकेट वनडे विश्व कप लीग-2 का खिताब जीत लिया। मोनांक की तूफानी पारी से अमेरिका ने 299 रन का लक्ष्य छह विकेट खोकर सात गेंद रहते हासिल कर लिया। मोनांक के अलावा स्मित पटेल ने 50 और शेहान जयसूर्या ने 74 रन का योगदान दिया। इससे पहले नामीबिया ने माइकल वान लिंगेन (124) के सैकड़े और कप्तान गेरहार्ड इरास्मस (76) के अर्धशतक से 50 ओवर में नौ विकेट पर 298 रन बनाए। अमेरिका ने इस जीत से दो और अंक हासिल किए जिससे उसकी शीर्ष पर जगह पक्की हो गई।
अमेरिका ने वनडे विश्व कप क्वालिफायर में अपनी जगह पहले ही पक्की कर ली है।

