प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इंडोनेशिया के राष्ट्रपति सुबियांतो को भेंट किया उत्तराखंड का ऐपण
उत्तराखंड की परंपरा और कलाकृति का प्रतीक ऐपण भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इंडोनेशिया यात्रा के दौरान सांस्कृतिक संबंधों को गहरा करने का माध्यम बना। मोदी ने राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो को ऐपण भेंट किया। मोदी ने असम की गोल्ड चाय, कश्मीरी बाउल, और ओडिशा के इकत जैसे उपहार भी दिए।

नई दिल्ली, एजेंसी। उत्तराखंड की परंपरा और कलाकृति का प्रतीक ऐपण भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इंडोनेशिया यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक संबंधों को गहरा करने का माध्यम बन गया। प्रधानमंत्री मोदी ने इंडोनिशया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो को तोहफे के तौर पर ऐपण भेंट किया। प्रधानमंत्री मोदी छह से आठ जुलाई तक इंडोनिशया के दौरे पर थे। इस दौरान वह राष्ट्रपति सुबियांतो और अन्य नेताओं के लिए भारत के अलग-अलग राज्यों से खास तोहफे ले गए थे। जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी के इन तोहफों में सबसे खास था उत्तराखंड के कुमाऊं मंडल की लोकपरंपरा का अभिन्न अंग ‘ऐपण’। गेरू और चावल को पीसकर लाल-सफेद रंग से ज्यामितीय आकृतियों में तैयार की जाने वाली यह लोककला भगवान शिव को समर्पित मानी जाती है। प्रधानमंत्री ने इसे भारत और इंडोनिशया की साझा सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक बताया।
उपहारों की विविधता
इसके अलावा प्रधानमंत्री ने राष्ट्रपति सुबियांतो को असम की खास मनोहारी गोल्ड चाय, कश्मीरी पपीयर माशे बाउल, हाथी और फूलों के डिजाइन वाला पारंपरिक रिपूस सिल्वर प्लेट भी भेंट की। उन्होंने इंडोनेशिया संसद की अध्यक्ष पुआन महारानी को ओडिशा का इकत (पारंपरिक हस्तनिर्मित रेशम के धागों से बुना कपड़ा, जिसे बांधा भी कहा जाता है) भेंट किया।
न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री को दी उत्तराखंडी टोपी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने न्यूजीलैंड की यात्रा के दौरान वहां के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन को भी पारंपरिक उत्तराखंडी टोपी भेंट की। ऊन से बनी रंग-बिरंगी पट्टियों वाली और राज्यपुष्प ब्रह्मकमल के धातु से बने प्रतीक वाली यह टोपी विशेष पर्वों, समारोहों में पहनी जाती है। यह राज्य की परंपरा पर गर्व, सम्मान और आतिथ्य का प्रतीक मानी जाती है। न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री को दिए तोहफों में भारतीय महिला हॉकी टीम की सभी खिलाड़ियों के हस्ताक्षरों वाली एक हॉकी स्टिक भी थी। यह स्टिक न्यूजीलैंड में आयोजित हॉकी महिला नेशंस कप में टीम की जीत की याद दिलाती है।
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


