मिथिला की दस बेटियों की सफलता की गाथा बयां कर रही ‘दश शक्ति’
जर्मनी में रह रहीं मिथिला की महिलाएं पेशेवर क्षेत्रों में सफलता हासिल करने के साथ अपनी भाषा, संस्कृति और परंपराओं को जीवित रख रही हैं। अंतरराष्ट्रीय मैथिल प्रवासी संघ की ‘दश शक्ति’ साक्षात्कार श्रृंखला उनकी उपलब्धियों, अनुभवों और संघर्षों को सामने ला रही है। इनकी यात्राएं मिथिलांचल की युवतियों को विदेश में शिक्षा और करियर बनाने तथा अपनी जड़ों से जुड़े रहने की प्रेरणा देती हैं।

मधुबनी। मां दुर्गा की आराधना के विशेष अवसर पर जर्मनी की धरती से मिथिला की दस बेटियां सफलता, संघर्ष और सांस्कृतिक गौरव की नई कहानी लिख रही हैं। कोई बहुराष्ट्रीय कंपनी में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा रही हैं, तो कोई वित्त प्रबंधन और दूसरे पेशेवर क्षेत्रों में अपनी पहचान बना रही हैं। इसके साथ ही ये महिलाएं अपनी सभ्यता, संस्कृति, भाषा और परंपराओं को भी जीवंत रखने में जुटी हैं। इनकी प्रेरक यात्रा मिथिलांचल की छात्राओं और युवतियों को विदेश में शिक्षा प्राप्त करने, करियर बनाने और अपनी जड़ों से जुड़े रहने का संदेश दे रही है। अंतराष्ट्रीय मैथिल प्रवासी संघ की ओर से आयोजित विशेष साक्षात्कार श्रृंखला ‘दश शक्ति : दस दिन, दस मिथिलानी, दस यात्राएं’ में जर्मनी में रह रहीं मिथिला की महिलाओं की उपलब्धियों, अनुभवों और संघर्षों को सामने लाया जा रहा है। ‘मैथिलानी इन जर्मनी’ विषय पर आधारित इस पहल का उद्देश्य दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में रह रहे मैथिल समुदाय को अपनी जड़ों, संस्कृति और उज्ज्वल भविष्य से जोड़ना है। मां दुर्गा की आराधना के साथ आयोजित इस कार्यक्रम में महिला सशक्तीकरण और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर विशेष जोर दिया गया है।
जर्मनी में मैथिलानी की उपलब्धियां और अनुभव
मैथिलानी साझा कर रही अपना अनुभव : इस श्रृंखला में डा. अजीता झा, लवली झा, नूपुर झा, पल्लवी झा, रिंकी कुमारी, संगीता दास, संजू झा, श्वेता झा, सोनम झा, सोनी प्रिया और सौम्या ठाकुर जैसी प्रतिभागियों की यात्राओं को सामने लाया जा रहा है। कार्यक्रम की घोषित दस प्रतिभागियों की सूची में इनमें से दस महिलाओं को शामिल किया गया है। ये महिलाएं जर्मनी के विभिन्न शहरों और क्षेत्रों में रहकर अपने अनुभव साझा कर रही हैं। मधुबनी की श्वेता झा लियोनबर्ग में रहकर कॉग्निजेंट में टेस्ट मैनेजर के रूप में कार्यरत हैं। सोनम झा हैम्बर्ग में वित्त प्रबंधक की जिम्मेदारी संभाल रही हैं। नूपुर झा जर्मनी के हैम में रहती हैं और गणित विषय से स्नातक हैं। बेगूसराय की सोनी प्रिया हर्जोगेनाउराख में रहकर पेशेवर क्षेत्र में कार्यरत हैं। वहीं, रिंकी कुमारी, संगीता दास और संजू झा सहित अन्य महिलाएं भी जर्मनी के अलग-अलग शहरों में रहकर अपनी पहचान बना रही हैं।
मिथिला क्षेत्र से जुड़ी महिलाएं
इसतरह मधुबनी, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, सुपौल, मुंगेर, सीतामढ़ी, समस्तीपुर, बेगूसराय सहित मिथिला क्षेत्र से ये सभी जुड़ी हैं।


