एआई से ज्यादा सख्त नियम दूध की बिक्री पर लागू: माइक्रोसॉफ्ट अध्यक्ष
माइक्रोसॉफ्ट के अध्यक्ष ब्रैड स्मिथ ने कृत्रिम मेधा (एआई) के लिए तत्काल वैश्विक सुरक्षा नियम बनाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि एआई पर वाशिंग मशीन और दूध जैसे उत्पादों से भी कम सुरक्षा नियम लागू हैं। स्मिथ ने स्वतंत्र विशेषज्ञों की निगरानी, सुरक्षा घटनाओं की अनिवार्य रिपोर्टिंग और अनियंत्रित एआई से निपटने के लिए आपातकालीन व्यवस्था का सुझाव दिया।

लंदन, एजेंसी। माइक्रोसॉफ्ट के अध्यक्ष ब्रैड स्मिथ ने कृत्रिम मेधा (एआई) के लिए तत्काल वैश्विक नियमन की जरूरत बताई है। उन्होंने कहा कि एआई के मामले में फिलहाल सुरक्षा संबंधी नियम दूध से भी कम हैं। उन्होंने नई तकनीक के विकास पर स्वतंत्र विशेषज्ञों से निगरानी कराने की भी वकालत की। एक साक्षात्कार में स्मिथ ने कहा कि एआई के लिए वैश्विक स्तर पर सुरक्षा नियम बनाए जाने चाहिए। इसके तहत यदि किसी अनियंत्रित एआई एजेंट के कारण किसी व्यक्ति या संस्थान की प्रणाली में सेंध लगती है, तो प्रभावित पक्ष को इसकी सूचना देना अनिवार्य होना चाहिए। साथ ही, ऐसी स्थिति से निपटने के लिए आपातकालीन व्यवस्था यानी 'इमरजेंसी ब्रेक' भी उपलब्ध होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि कंपनियों के लिए एआई से जुड़ी किसी भी अप्रिय घटना की रिपोर्ट तैयार करना भी कानूनी रूप से अनिवार्य किया जाना चाहिए। स्मिथ ने कहा कि हम दूसरे उत्पादों के लिए यह व्यवस्था पहले से जानते हैं। हमें उसी अनुभव के आधार पर सोचना चाहिए कि इसे एआई पर कैसे लागू किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि फिलहाल वाशिंग मशीन पर भी एआई की तुलना में ज्यादा सुरक्षा नियम लागू हैं। किराना दुकानों में बिकने वाले दूध के हर पैकेट की भी सुरक्षा जांच होती है और उसके लिए नियम निर्धारित हैं।


