गाजा में अमेरिकी जनरल की तैनाती पर नेतन्याहू-कुशनर में सहमति बनी
येरूशलम में जेरेड कुशनर ने इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के साथ बैठक की। इस दौरान गाजा में हमास के निरस्त्रीकरण के लिए एक अमेरिकी जनरल की तैनाती की सहमति बनी। नेतन्याहू ने कहा कि जब तक हमास हथियार नहीं डालता, इजरायली सेना पीछे नहीं हटेगी। कुशनर ने मिस्र में हमास से बातचीत भी की थी।

येरूशलम, एजेंसी। पश्चिम एशिया संघर्ष के वार्ताकार जेरेड कुशनर सोमवार को इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के साथ बैठक की। इसमें गाजा में हमास के निरस्त्रीकरण की निगरानी के लिए एक अमेरिकी जनरल की तैनाती पर सहमति बनी। इजरायल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। नेतन्याहू ने स्पष्ट किया कि हमास के हथियार डालने तक इजरायली सेना गाजा से पीछे नहीं हटेगी। कुशनर रविवार को मिस्र में हमास के साथ हुई सीधी बातचीत के बाद येरुशलम पहुंचे थे। उन्होंने सोमवार को नेतन्याहू से मुलाकात की। कुशनर के साथ ट्रंप प्रशासन के 'बोर्ड ऑफ पीस' से जुड़े अन्य सदस्य भी बातचीत में शामिल हुए, जिनमें ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री टोनी ब्लेयर भी थे। यह बैठक करीब तीन घंटे से अधिक समय तक चली। इससे पहले, कुशनर ने मिस्र में हमास नेता के साथ करीब दो घंटे की बैठक की थी। इजरायली अधिकारी ने कहा कि दोनों पक्ष इस बात पर सहमत हुए कि गाजा में हमास के पूरी तरह निरस्त्रीकरण से पहले न तो इजरायली सेना की पुनर्तैनाती होगी और न ही पुनर्निर्माण का काम शुरू किया जाएगा। यह बातचीत ऐसे समय हुई है जब नेतन्याहू ने 'बोर्ड ऑफ पीस' की उस प्रस्तावित योजना के एक हिस्से को सार्वजनिक रूप से खारिज कर दिया था, जिसमें हमास के हथियार एक प्रस्तावित फलस्तीनी शासी समिति को सौंपने की बात कही गई थी。
हमास ने योजना के प्रति प्रतिबद्धता जताई
कुशनर ने मिस्र में हमास के साथ बातचीत के दौरान संगठन से यह पुष्टि करने को कहा था कि वह वास्तव में अपने हथियार छोड़ रहा है। हमास की ओर से बातचीत में उसके नए नेता खलील अल-हय्या शामिल हुए। हमास के एक अधिकारी के मुताबिक संगठन ने कुशनर को बताया कि वह गाजा योजना के प्रति प्रतिबद्ध है और नेतन्याहू पर दबाव बनाने की मांग की।


