विदेश : रूस में गिरफ्तार पत्रकार के साथ निष्पक्ष व्यवहार की मांग
हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
जापान ने रूस से जासूसी के शक में गिरफ्तार जापानी पत्रकार युकी इमाई के साथ निष्पक्ष और मानवीय व्यवहार करने का आग्रह किया है। विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोतेगी के अनुसार, मॉस्को स्थित जापानी दूतावास और युझनो सखालिनस्क में वाणिज्य दूतावास ने रूसी अधिकारियों से जल्द जानकारी देने और पत्रकार की सुरक्षा सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है। इमाई होक्काइडो शिंबुन अखबार से जुड़े हैं।

टोक्यो, एजेंसी। जापान ने बुधवार को रूस से एक जापानी पत्रकार के साथ निष्पक्ष व्यवहार सुनिश्चित करने का आग्रह किया है। पत्रकार को रूस में जासूसी के शक में गिरफ्तार किया गया था। जापान के विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोतेगी ने कहा, मॉस्को में जापानी दूतावास और युझनो सखालिनस्क में वाणिज्य दूतावास ने रूसी अधिकारियों से जल्द जानकारी देने, मानवीय आधार पर विचार करने और निष्पक्ष व्यवहार करने का अनुरोध किया है। मंत्रालय ने कहा, पत्रकार की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्राथमिकता है। इसके लिए कदम उठाए जा रहे हैं। रूस के विदेश मंत्रालय ने पत्रकार की पहचान होक्काइडो शिंबुन अखबार के युकी इमाई के रूप में की है।

