वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच भारत के साथ सहयोग का महत्व बढ़ा : ताकाइची
जापान की प्रधानमंत्री सानाए ताकाइची ने कहा कि वैश्विक अनिश्चितता के बीच भारत के साथ सहयोग का महत्व बढ़ गया है। भारत दौरे से पहले प्रेस वार्ता में उन्होंने भारत और जापान के रिश्तों को मजबूत करने की आवश्यकता जताई। यात्रा का मुख्य उद्देश्य आर्थिक सुरक्षा, निवेश, और रणनीतिक साझेदारी को बढ़ाना है।

टोक्यो, एजेंसी। जापान की प्रधानमंत्री सानाए ताकाइची ने बुधवार को कहा कि वैश्विक परिस्थितियों में बढ़ती अनिश्चितता के बीच भारत के साथ सहयोग का महत्व और बढ़ गया है। भारत दौरे पर रवाना होने से पहले आयोजित एक अनौपचारिक प्रेस वार्ता में ताकाइची ने कहा कि भारत और जापान के साझा मूल्यों तथा रणनीतिक हितों को देखते हुए दोनों देशों के रिश्तों को और मजबूत करना समय की जरूरत है। वे गुरुवार को प्रधानमंत्री मोदी के साथ 16वें भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन में भाग लेंगी। ताकाइची ने कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ ठोस सहयोग को आगे बढ़ाने पर चर्चा करेंगी। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्थिति लगातार अनिश्चित होती जा रही है। ऐसे समय में साझा लोकतांत्रिक मूल्यों और रणनीतिक हितों वाले भारत के साथ सहयोग का महत्व और बढ़ गया है।
यात्रा का उद्देश्य
जापानी प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी यात्रा का मुख्य उद्देश्य तीन क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाना है। इनमें भारत-जापान रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करना, आर्थिक सुरक्षा के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाना तथा निवेश और नवाचार के लिए दोनों देशों की कंपनियों के बीच साझेदारी को प्रोत्साहित करना शामिल है।
शांति और स्थिरता
ताकाइची ने कहा कि एशिया के दो प्रमुख लोकतांत्रिक देशों के रूप में भारत और जापान पर हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनाए रखने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि वह प्रधानमंत्री मोदी के साथ मुक्त एवं खुले हिंद-प्रशांत की परिकल्पना को आगे बढ़ाने तथा जापान, अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और भारत के सहयोगात्मक ढांचे पर भी विस्तार से चर्चा करेंगी। ताकाइची ने कहा कि सरकार और निजी क्षेत्र के संयुक्त प्रयासों से दोनों देशों के आर्थिक सहयोग का दायरा बढ़ाया जाएगा और मजबूत अर्थव्यवस्था के निर्माण की दिशा में काम किया जाएगा।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


