ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News विदेशयुवराज नारुहितो बनें जापान के 126वें सम्राट, संविधान के मुताबिक काम करने की शपथ

युवराज नारुहितो बनें जापान के 126वें सम्राट, संविधान के मुताबिक काम करने की शपथ

युवराज नारुहितो को मध्यरात्रि के दौरान आधिकारिक रूप से जापान का 126वां सम्राट बनाया गया। नारुहितो अपने पिता अकिहितो के पद त्यागने के बाद सम्राट बने हैं। जापान के नए सम्राट नारुहितो ने बुधवार को अपने...

युवराज नारुहितो बनें जापान के 126वें सम्राट, संविधान के मुताबिक काम करने की शपथ
एजेंसी,तोक्योThu, 02 May 2019 12:45 AM
ऐप पर पढ़ें

युवराज नारुहितो को मध्यरात्रि के दौरान आधिकारिक रूप से जापान का 126वां सम्राट बनाया गया। नारुहितो अपने पिता अकिहितो के पद त्यागने के बाद सम्राट बने हैं। जापान के नए सम्राट नारुहितो ने बुधवार को अपने पहले संबोधन में विश्व में शांति के लिए प्रार्थना के साथ ही देश की जनता को भरोसा दिलाया कि वह हमेशा उनके साथ खड़े रहेंगे। नारुहितो ने शपथ ली, ‘संविधान के अनुरूप काम करूंगा, मेरे विचार सदैव मेरे लोगों के लिए होंगे और मैं हमेशा उनके साथ खड़ा रहूंगा।’  

मुझमे जनता पिता की झलक देखेगी
विश्वास दिलाया कि जनता को उनके कामों में उनके पिता आकिहितो की झलक दिखाई देगी। आकिहितो को विश्व के प्राचीनतम साम्राज्य को जनता के समीप लाने वाला माना जाता है। जापान के इतिहास में 200 साल से अधिक समय के बाद किसी सम्राट ने पद त्याग किया।

राजगद्दी संभालते ही जापान में रेइवा युग शुरू 
59 वर्षीय नारुहितो ने बुधवार को सुबह एक समारोह में औपचारिक रूप से क्रिसेंथमम थ्रोन (राजगद्दी) ग्रहण किया। इसके साथ ही जापानी राजशाही का नया युग ‘रेइवा’ (सुंदर सौहार्द) शुरू हो गया। इम्पीरियल पैलेस में हुए राजतिलक के दौरान नारुहितो को शाही तलवार, शाही आभूषण, राज्य की मुहर और व्यक्तिगत मुहर सौंपी गई। 

सम्राज्ञी समेत सभी राज महिलाएं रहीं अनुपस्थित
इस समारोह के दौरान, नियमानुसार राजपरिवार की कोई महिला सदस्य मौजूद नहीं थी, यहां तक कि इसमें सम्राज्ञी मसाको को भी भाग लेने की अनुमति नहीं थी। पूरे समारोह के दौरान प्रधानमंत्री शिंजों आबे के मंत्रिमंडल की एकमात्र महिला सदस्य ही वहां मौजूद थीं।

बेटी नहीं भतीजे को मिलेगी अगली गद्दी
वर्तमान सम्राट और सम्राज्ञी ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय से पढ़े हैं। लेकिन वे अपनी बेटी को अगली राजगद्दी नहीं सौंपेंगे क्योंकि जापान में महिलाओं को राजगद्दी नहीं मिलती है। ऐसे में सम्राट नारुहिता और सम्राज्ञी मसाको की बेटी राजकुमारी अकियो (17) देश की अगली शासक नहीं होंगी। सम्राट के बाद सत्ता की बागडोर उनके भतीजे के हाथों में जाएगी। 

शनिवार को दोबारा करेंगे संबोधन
नए सम्राट नारुहितो शनिवार को फिर से देश को संबोधित करेंगे। सम्राट नारुहितो और सम्राज्ञी मसाको 22 अक्तूबर को पारंपरिक राजसी पोशाक में राजधानी का दौरा करेंगे, जहां विभिन्न देशों के नेता और अन्य राजपरिवार उन्हें बधाई देंगे। अपने अंतिम भाषण में अकिहितो ने जापान के लोगों का हृदय से आभार जताया और कहा कि वह जापान और पूरी दुनिया में सभी लोगों की शांति और खुशी के लिए प्रार्थना करते हैं।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें