गिरफ्तारी की कोशिश हुई तो इजरायल का विशेष बल तैयार : नेतन्याहू
- आईसीसी वारंट पर एक साक्षात्कार में बोले इजरायली प्रधानमंत्री वॉशिंगटन, एजेंसी।

- आईसीसी वारंट पर एक साक्षात्कार में बोले इजरायली प्रधानमंत्री वॉशिंगटन, एजेंसी। अगर किसी विदेशी सरकार ने आईसीसी के गिरफ्तारी वारंट के आधार पर मुझे हिरासत में लेने की कोशिश की तो इजरायल के विशेष बल हस्तक्षेप के लिए तैयार है। यह दावा इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने किया।
अमेरिकी यात्रा
अमेरिकी यात्रा के दौरान फॉक्स न्यूज को दिए साक्षात्कार में नेतन्याहू ने कहा कि आईसीसी के 2024 के गिरफ्तारी वारंट का समर्थन करने वाले देशों की यात्रा करने को लेकर मुझे कोई झिझक नहीं है। विदेश में गिरफ्तारी की आशंका के सवाल पर उन्होंने कहा कि मैं इसके बारे ज्यादा सोचता नहीं हू, क्योंकि इजरायल के विशेष बल मौजूद हैं। उन्होंने अपने सैन्य सेवा के पांच वर्षों का भी उल्लेख किया। नेतन्याहू ने न्यूयॉर्क जाने के अपने फैसले पर भी कायम रहने की बात कही। न्यूयॉर्क के मेयर जोहारान ममदानी ने अमेरिकी संघीय अधिकारियों से नेतन्याहू के खिलाफ कार्रवाई करने की अपील की है। ममदानी के रुख पर नेतन्याहू ने कहा कि वह इस नफरत फैलाने वाले निर्वाचित अधिकारी के सामने सच बोलने के लिए न्यूयॉर्क जाएंगे। उन्होंने ममदानी पर न्यूयॉर्क के लोगों को एक-दूसरे के खिलाफ खड़ा करने और शहर के यहूदियों के खिलाफ माहौल बनाने का आरोप लगाया।
कानूनी अधिकार नहीं
ममदानी ने नेतन्याहू को अंतरराष्ट्रीय आरोपों के मद्देनजर युद्ध अपराधी बताया है। हालांकि, उन्होंने यह भी स्वीकार किया है कि नगर प्रशासन के पास आईसीसी के ऐसे वारंट को लागू करने का कानूनी अधिकार नहीं है और इसकी जिम्मेदारी संघीय एजेंसियों की है।


