गाजा पर इजरायली मंत्री का विवादित बयान
इजरायल के राष्ट्रीय सुरक्षा मंत्री इतमर बेन-ग्विर ने गाजा में हर रात 30 से 40 लोगों को मारने की वकालत की है। उनका यह विवादित बयान Hamas के हमले के बाद इजरायल की स्थिति पर चर्चा के दौरान आया। पहले भी ऐसे बयानों पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आलोचना हो चुकी है।

येरुशलम, एजेंसी। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की गठबंधन सरकार में शामिल एक मंत्री ने गाजा में लोगों को निशाना बनाने को लेकर विवादित बयान दिया है। उन्होंने गाजा में हर रात 30 से 40 लोगों को मारने की वकालत की है। उनकी यह टिप्पणी रविवार को सामने आई और फलस्तीनी मीडिया में तेजी से प्रसारित हुई। राष्ट्रीय सुरक्षा मंत्री इतमर बेन-ग्विर ने गाजा में पूर्व में बंधक बनाए गए रोम ब्रास्लाव्स्की के पॉडकास्ट में यह बयान दिया। दोनों सात अक्तूबर, 2023 को हमास के हमले के बाद इजरायल की स्थिति पर चर्चा कर रहे थे। इस दौरान बेन-ग्विर ने गाजा में इजरायल के हालिया हवाई हमलों में कमी की आलोचना की।
उन्होंने कहा कि यह कोई रहस्य नहीं है कि मैं प्रधानमंत्री से असहमत हूं। मेरा मानना है कि गाजा में लोगों को निशाना बनाकर मारना चाहिए और हर रात 30 से 40 लोगों को निशाना बनाया जाना चाहिए। केवल उन लोगों को नहीं, जो तत्काल खतरा हैं, वहां कुछ ऐसे लोग भी हैं जो जीने के लायक नहीं हैं। उन्हें जीवित नहीं छोड़ना चाहिए। बेन-ग्विर और अन्य इजरायली अधिकारियों के इस तरह के बयान पहले भी व्यापक आलोचना का विषय रहे हैं। कई ऐसे बयानों को नरसंहार की मंशा के सबूत के तौर पर संयुक्त राष्ट्र की विश्व अदालत के समक्ष भी पेश किया गया है। हालांकि, इजरायल गाजा में नरसंहार के आरोपों से इनकार करता है।


