दो इजरायली सैनिकों की मौत के बाद लेबनान में इजरायल के जवाबी हमले
दक्षिणी लेबनान में दो इजरायली सैनिकों की मृत्यु के बाद इजरायल ने जवाबी हवाई हमले किए। इसके साथ ही, इटली की राजधानी रोम में तनाव कम करने के लिए वार्ता चल रही है। यह वार्ता अमेरिका के मध्यस्थता वाले सुरक्षा समझौते के बाद हो रही है। इजराइली रक्षा मंत्री ने फिलहाल संघर्ष को बढ़ाने से बचने का संकेत दिया है।

येरुशलम/बेरूत, एजेंसी। दक्षिणी लेबनान में दो इजरायली सैनिकों की मौत के बाद इजरायल ने जवाबी हवाई हमले किए। वहीं, दोनों देशों के बीच सीमा पर तनाव कम करने के उद्देश्य से इटली की राजधानी रोम में वार्ता जारी है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार मंगलवार से शुरू हुई यह वार्ता गुरुवार तक चलने की उम्मीद है। यह बैठक जून में अमेरिका की मध्यस्थता में हुए सुरक्षा समझौते के बाद हो रही है, जिसका उद्देश्य दोनों देशों की सीमा पर संघर्ष कम करना है। इजरायल ने बताया कि बुधवार को दक्षिणी लेबनान में सुरक्षा अभियान के दौरान एक इमारत में हुए विस्फोट में उसके दो सैनिक मारे गए और चार अन्य घायल हो गए।
इजरायली सेना के रेडियो ने सुरक्षा सूत्रों के हवाले से कहा कि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि विस्फोटक उपकरण युद्धविराम से पहले लगाया गया था या बाद में। घटना के बाद इजरायली सेना ने शुरुआती बयान में इसे हिज्बुल्ला की ओर से युद्धविराम का स्पष्ट उल्लंघन बताया और दक्षिणी लेबनान में जवाबी हमले किए। हालांकि, गुरुवार को सैनिकों की मौत पर जारी शोक संदेश में इजरायल के रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज ने न तो हिज्बुल्ला का उल्लेख किया और न ही युद्धविराम उल्लंघन की बात दोहराई। इससे संकेत मिला कि इजरायल फिलहाल संघर्ष को और बढ़ाना नहीं चाहता। इजरायली सेना की वेबसाइट के अनुसार, इससे पहले दक्षिणी लेबनान में किसी इजरायली सैनिक की मौत 28 जून को हुई थी।


