निर्दोषों का खून बहाने की कीमत चुकाएगा अमेरिका : ईरान
तेहरान, ईरानी संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बाघेर गालिबफ ने क्यूशम द्वीप पर हुए अमेरिकी हमले की कड़ी निंदा की है। उन्होंने अमेरिका पर निर्दोषों का खून बहाने का आरोप लगाते हुए कहा कि उसे इसकी कीमत चुकानी होगी। उन्होंने जवाबी कार्रवाई की चेतावनी दी और इसे आतंकवादी हमला बताया।

- ईरानी संसद के अध्यक्ष ने क्यूशम द्वीप हुए अमेरिकी हमले की कड़ी निंदा की तेहरान, एजेंसी। ईरानी संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बाघेर गालिबफ ने क्यूशम द्वीप पर रिहायशी इलाकों में हुए अमेरिकी हमले की कड़ी निंदा की है। उन्होंने अमेरिका पर निर्दोषों का खून बहाने का आरोप लगाते हुए कहा कि उसे इसकी कीमत चुकानी होगी।
गालिबफ की चेतावनी
गालिबफ ने इसे आतंकवादी हमला बताते हुए अमेरिका पर जानबूझकर आम नागरिकों को निशाना बनाने का आरोप लगाया और जवाबी कार्रवाई की चेतावनी दी। उन्होंने एक्स पर कहा कि क्यूशम द्वीप के रिहायशी इलाकों पर हमला मिनाब और लामेर्द में हुई घटनाओं की कड़ी है। उन्होंने अमेरिका पर निर्दोषों का खून बहाने का आरोप लगाते हुए कहा कि उसे इसकी कीमत चुकानी होगी। उन्होंने कहा कि अमेरिका हर दिन एक नया अपराध कर रहा है और युद्ध के मैदान में मिले झटकों का बदला निर्दोष लोगों का खून बहाकर लेने का आदी हो गया है। गालिबफ की यह प्रतिक्रिया अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) के उस दावे के बाद आई है, जिसमें उसने बुधवार को ईरान में इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) के दर्जनों ठिकानों पर भारी हमले करने की बात कही थी।
कुवैत में अमेरिकी एयरबेस पर ड्रोन हमला
ईरानी सेना ने दावा किया है कि उसने 'ऑपरेशन लाइटनिंग के 27वें चरण' के दौरान कुवैत स्थित अहमद अल-जाबेर एयरबेस में अमेरिकी ठिकानों पर ड्रोन हमले किए। ईरान के मुताबिक यह कार्रवाई क्यूशम द्वीप पर अमेरिका के हालिया हमले के जवाब में की गई। ईरान के सरकारी प्रसारक आईआरआईबी के अनुसार ईरानी सेना ने एयरबेस में लड़ाकू विमानों के ठिकानों, उपग्रह संचार प्रणालियों और उपकरण भंडारों को निशाना बनाया। ईरान ने इस एयरबेस को अमेरिकी हवाई सहायता, निगरानी और सैन्य अभियानों के लिए महत्वपूर्ण केंद्र बताया।
अली अल-सलेम एयरबेस को निशाना बनाया
इससे पहले आईआरजीसी ने दावा किया था कि उसने कुवैत स्थित अमेरिकी नियंत्रण वाले अली अल-सलेम एयरबेस में दो ड्रोन हैंगर और सैन्य विमानों व हेलीकॉप्टरों के लिए बनाए गए ईंधन भंडारण केंद्र को नष्ट कर दिया।
अमेरिका ने दावे को खारिज किया
अमेरिकी सेना ने ईरान के दावों को खारिज कर दिया है। उसने कहा कि ईरानी हमलों में कोई अमेरिकी विमान क्षतिग्रस्त या नष्ट नहीं हुआ है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने एक्स पर कहा कि हाल के ईरानी हमलों के प्रयासों में कोई अमेरिकी विमान नष्ट या क्षतिग्रस्त नहीं हुआ। उसने कहा कि सभी मिसाइलों और ड्रोन को रोक दिया गया या वे अपने लक्ष्यों तक पहुंचने में विफल रहे।


