ईरान खाड़ी क्षेत्र में नया प्रतिबंधित क्षेत्र बनाएगा
ईरान ने खाड़ी क्षेत्र में एक नया प्रतिबंधित क्षेत्र घोषित करने की योजना बनाई है। यह निर्णय सोमवार को तेल की कीमतों में वृद्धि के बीच आया। ओमान ने ईरान के हमले का शिकार हुए तेल टैंकर 'सिद्र' के 16 चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित निकाला और यूएई ने वैकल्पिक व्यापार मार्ग बनाने की घोषणा की।

ईरान ने कहा कि वह आने वाले दिनों में खाड़ी क्षेत्र में एक नया प्रतिबंधित क्षेत्र घोषित करेगा। इसके साथ ही होर्मुज जलडमरूमध्य से होकर गुजरने वाले पोत के लिए एक नए समुद्री गलियारे (शिपिंग कॉरिडोर) के नक्शे भी जारी किए जाएंगे। यह घोषणा ऐसे समय हुई जब सप्ताहांत में पोत पर हुए हमलों के बाद सोमवार को तेल की कीमतें बढ़ गईं।
नया प्रतिबंधित क्षेत्र
ईरान की सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के सचिव मोहसेन रेजाई ने कहा कि नया प्रतिबंधित क्षेत्र उस जगह से शुरू होगा जहां से अमेरिका की ईरान की नाकेबंदी शुरू होती है और खाड़ी के कुछ हिस्सों तक फैलेगा। इस योजना के बारे में अभी ज्यादा जानकारी नहीं दी गई। हालांकि, रेजाई ने कहा कि नए प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश करने वाले किसी भी पोत को प्रतिबंधों वाली सूची में डाल दिया जाएगा। यह गलियारा ईरान और ओमान के समुद्री क्षेत्र से होकर गुजरता है और इसका प्रबंधन ईरान के पास रहेगा। इन नक्शों पर आने वाले दिनों में हस्ताक्षर किए जाने चाहिए। खाड़ी क्षेत्र पश्चिम एशिया में स्थित समुद्री क्षेत्र है, जिसके आसपास मुख्य रूप से ईरान, इराक, कुवैत, सऊदी अरब, बहरीन, कतर और यूएई जैसे देश हैं।
------------------
ओमान का सुरक्षा प्रयास
ओमान। ओमान ने ईरान के हमले का शिकार हुए सऊदी अरब के स्वामित्व वाले तेल टैंकर ‘सिद्र’ के 16 चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित निकाल लिया। ओमान के समुद्री सुरक्षा केंद्र ने यह जानकारी दी। ‘सिद्र’ उन दो बड़े तेल टैंकरों में से एक है, जिनमें सऊदी अरब का तेल था और पिछले सोमवार को होर्मुज से गुजरते समय दोनों पर हमले की खबर सामने आई थी। टैंकर पर कुल 25 चालक दल के सदस्य सवार थे। इनमें से सात लोगों के बारे में अभी तक कोई जानकारी नहीं मिल सकी है और उनकी स्थिति तत्काल स्पष्ट नहीं हो पाई।
-------------
यूएई का वैकल्पिक मार्ग
यूएई बना रहा वैकल्पिक व्यापार और ऊर्जा मार्ग
दुबई। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ईरान के साथ जारी युद्ध के बीच अपने ऊर्जा निर्यात और व्यापार के लिए वैकल्पिक रास्ते तैयार कर रहा है। यूएई के राष्ट्रपति के सलाहकार अनवर गरगाश ने सोमवार को यह जानकारी दी। ईरान द्वारा यूएई पर मिसाइल हमले करने और होर्मुज में उसके तेल टैंकरों को निशाना बनाए जाने से खाड़ी के तेल उत्पादक देशों पर युद्ध का काफी असर पड़ा। गरगाश ने कहा कि हमारा ऊर्जा निर्यात बंधक नहीं बनेगा और न ही हमारा व्यापार और आर्थिक गतिविधियां रुकेंगी।


