चार माह बाद खामेनेई को अंतिम विदाई, तेहरान में शुरू हुई रस्में

हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

- तैयारियां की गई शुरू, गमजदा ईरानी नागरिक - विदेशों से भी

चार माह बाद खामेनेई को अंतिम विदाई, तेहरान में शुरू हुई रस्में

तेहरान, एजेंसी।

अमेरिकी हमले में बीते 28 फरवरी को मारे गए ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई का अंतिम संस्कार चार महीने बाद होगा। कई दिनों तक चलने वाली अंतिम विदाई की रस्में शुक्रवार को शुरू हो गईं।

अंतिम विदाई रस्म

अंतिम विदाई रस्म के तहत तेहरान में जगह-जगह बैनर लगाए गए हैं, जिनमें लोगों से अपील की गई है कि वे उस विनाशकारी युद्ध के बाद इस्लामिक रिपब्लिक के समर्थन में एकजुट हों। उनके पार्थिव शरीर को ईरानी शहरों और पड़ोसी देश इराक ले जाया जाएगा। गम जताने के लिए भी हजारों लोगों की भीड़ उमड़ी।

तेहरान में ताबूत रखे गए

खामेनेई और उनके परिवार के सदस्यों के ताबूत ईरानी झंडे में लपेटकर तेहरान की ग्रैंड मोसल्ला मस्जिद में रखे गए हैं। मारे गए लोगों में उनके दामाद, उनकी सबसे बड़ी बेटी, 14 महीने की पोती और ईरान के नए सुप्रीम लीडर अयातुल्ला मोजतबा खामेनेई की पत्नी शामिल हैं। उनके अंतिम संस्कार के लिए ईरान में हफ्ते भर तक चलने वाले विशाल जुलूस और श्रद्धांजलि कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है।

भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने श्रद्धांजलि दी

प्रतिनिधिमंडल में बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन और विदेश राज्य मंत्री पबित्र मार्गेरिटा शामिल थे। दोनों नेताओं ने भारत सरकार और देशवासियों की ओर से खामेनेई को श्रद्धांजलि दी तथा हालिया संघर्ष में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। इस बीच, कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद, पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती तथा अन्य धार्मिक नेताओं ने भी ईरानी नेता को श्रद्धांजलि दी।

50 देशों के प्रतिनिधि ईरान पहुंचे

अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम विदाई समारोह में शामिल होने के लिए लगभग 50 देशों के आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल ईरान की राजधानी तेहरान पहुंचे हैं। इनमें प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के साथ-साथ सेना प्रमुख असीम मुनीर और गृह मंत्री मोहसिन नकवी। चीन की संसद की स्थायी समिति के उपाध्यक्ष हे वेई। ताजिकिस्तान के राष्ट्रपति इमोमाली रहमोन। अर्मेनिया के प्रधानमंत्री निकोल पशिनियन। जॉर्जिया के राष्ट्रपति मिखाइल कवेलिश्विली। इराक के राष्ट्रपति और कुर्दिश क्षेत्रीय सरकार के प्रमुख आदि।

कई प्रमुख नेता विदाई समारोह में शामिल हुए

ईरान के दिवंगत सर्वोच्च नेता को अंतिम विदाई देने की रस्में शुक्रवार से शुरू हो गईं। इस दौरान आयोजित सभा में ईरानी नेता मोहसेन कोमी, ईरान के चीफ जस्टिस गुलाम-हुसैन मोहसेनी एजेई, संसद के स्पीकर मोहम्मद बाकर कलीबाफ, ईरान के सुप्रीम लीडर के ससुर गुलामअली हद्दाद आदेल, राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन, ईरानी सैन्य कमांडर मोहसेन रेजाई और विदेश मंत्री अब्बास अराघची, विदाई समारोह में शामिल हुए। इस दौरान पेजेशकियन रोते देखे गए।

भारतीय धर्मगुरुओं ने की प्रार्थना

खामेनेई के जनाजे के पास भारत के धर्मगुरुओं ने प्रार्थना की। वहीं, तेहरान में अपने नेता को विदा करने के लिए भारी तदाद में लोग जुटे हैं। उनके अंतिम संस्कार में एक जनसैलाब सा उमड़ पड़ा है। देश विदेश से आए कई धर्म गुरुओं ने खामेनेई को श्रद्धाजंलि दी। बता दें, अयातुल्लाह खामेनेई का पार्थिव शरीर ग्रैंड मोसल्ला में रखा गया है. उनके पार्थिव शरीर को लाल झंडे से ढका गया है.

करोड़ों लोगों के जुटने की उम्मीद

- 4 और 5 जुलाई को तेहरान में सार्वजनिक अवकाश रहेगा

- 6 जुलाई को पूरे ईरान में अवकाश घोषित किया गया

- 1.50 करोड़ लोगों के जुटने की उम्मीद उनकी विदाई में

- 1.5 लाख पुलिसकर्मी अलर्ट पर रहेंगे पूरी प्रक्रिया के दौरान

इस तरह रखा गया विदाई कार्यक्रम

4-5 जुलाई: तेहरान में जनाजे की नमाज

6 जुलाई: तेहरान में अंतिम यात्रा

7 जुलाई : को धार्मिक शहर कुम में अंतिम यात्रा

8 जुलाई: नजफ और कर्बला में अंतिम यात्रा

9 जुलाई: मशहद में सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

अयातुल्ला खामेनेई का अंतिम संस्कार कब होगा?
अयातुल्ला खामेनेई का अंतिम संस्कार चार महीने बाद होगा।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।