युद्ध के दौरान ईरान की ड्रोन उत्पादन क्षमता तीन गुना हुई : रक्षा मंत्री
ईरान के रक्षा मंत्री ब्रिगेडियर जनरल माजिद इब्न अल-रेजा ने कहा है कि हालिया अमेरिका-इजरायल युद्ध के दौरान देश की ड्रोन उत्पादन क्षमता तीन गुना बढ़ गई है। उन्होंने बताया कि युद्ध के बावजूद रक्षा उत्पादन प्रभावित नहीं हुआ और ईरानी सशस्त्र बलों ने अपनी क्षमताओं को मजबूत किया।

तेहरान, एजेंसी। ईरान के कार्यवाहक रक्षा मंत्री ब्रिगेडियर जनरल माजिद इब्न अल-रेजा ने दावा किया कि हालिया अमेरिका-इजरायल युद्ध के दौरान देश की ड्रोन उत्पादन क्षमता तीन गुना हो गई। उन्होंने कहा कि संघर्ष के बावजूद रक्षा उत्पादन बिना किसी रुकावट के जारी रहा। सरकारी समाचार एजेंसी आईआरएनए के अनुसार संसद सदस्यों के साथ बैठक में इब्न अल-रेजा ने हालिया 12 दिवसीय युद्ध और रमजान युद्ध की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि दुश्मन 150 अग्रणी प्रौद्योगिकी कंपनियों के सहयोग और अत्याधुनिक हथियारों के साथ मैदान में उतरा था, लेकिन सर्वोच्च नेतृत्व के मार्गदर्शन और जनता के समर्थन के कारण उसे सफलता नहीं मिली।
उन्होंने कहा कि कई वरिष्ठ कमांडरों के शहीद होने के बावजूद ईरानी सशस्त्र बलों ने बेहतरीन ढंग से अभियान चलाया। युद्ध के चरम दौर में भी रक्षा उत्पादन प्रभावित नहीं हुआ और ड्रोन निर्माण क्षमता में तीन गुना वृद्धि दर्ज की गई। रक्षा मंत्री ने कहा कि हालिया अमेरिका-इजरायल का हमला ईरान की रक्षा प्रौद्योगिकियों को आगे बढ़ाने का कारण बना। उनके अनुसार इस युद्ध से दुश्मन की कमजोरियों की सटीक पहचान करने और रक्षा क्षमताओं को मजबूत करने में मदद मिली। उन्होंने यह भी कहा कि शहीदों के अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी इस बात का संकेत है कि ईरान को अलग-थलग करने की कोशिशें विफल रही हैं और एक नए प्रतिरोध मोर्चे का उदय हुआ है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


