ईरान-इराक उड़ानों पर अमेरिकी पाबंदी, तेहरान ने विरोध किया
- ईरान ने अमेरिकी प्रतिबंधों को बताया गैरकानूनी - इराक से उचित कदम उठाने

नई दिल्ली, एजेंसी। ईरान और इराक के बीच वाणिज्यिक उड़ानों की आवाजाही पर लगाई गई अमेरिकी प्रतिबंधों का तेहरान ने विरोध किया है। ईरान के विदेश मंत्रालय ने अमेरिका के उन प्रतिबंधों को अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन बताया, जिनके तहत वह ईरान और दूसरे देशों के बीच व्यापार और हवाई यातायात में रुकावट पैदा कर रहा है।
ईरान की प्रतिक्रिया
ईरानी विदेश मंत्रालय ने इराक से इन्हें हटाने के लिए उचित कदम उठाने की अपील की है। भारत में इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान के दूतावास ने एक्स पर एक पोस्ट में ईरानी विदेश मंत्रालय की प्रतिक्रिया साझा की। पोस्ट में लिखा है कि ईरान के इस्लामी गणराज्य का अमेरिकी विदेश मंत्रालय की ओर से लगाए गए गैरकानूनी और अमानवीय प्रतिबंधों की निंदा करता है। विदेश मंत्रालय का कहना है कि अमेरिका के ये कदम संयुक्त राष्ट्र चार्टर और अंतरराष्ट्रीय कानून के बुनियादी सिद्धांतों के खिलाफ हैं। ये मानवाधिकारों को भी नुकसान पहुंचाते हैं। ऐसे कदम देशों के बीच दोस्ताना रिश्तों खासकर पड़ोसी देशों के संबंधों के लिए गंभीर खतरा पैदा करते हैं। इस संबंध में विदेश मंत्रालय ने ईरान और इराक के लोगों के बीच ऐतिहासिक,धार्मिक और सांस्कृतिक संबंधों के साथ-साथ दोनों देशों के करीबी और भाईचारे वाले रिश्तों का जिक्र किया।
पाबंदियों के प्रभाव
मंत्रालय ने कहा कि दोनों देशों के बीच हवाई यातायात पर लगाई गई पाबंदियों से लाखों यात्रियों में से हजारों लोगों, मरीजों, छात्रों और कारोबार से जुड़े लोगों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ईरान का कहना है कि दोनों देशों के रिश्तों की अहमियत और अच्छे पड़ोसी संबंधों के सिद्धांत को देखते हुए ऐसी पाबंदियां स्वीकार नहीं की जा सकतीं।


