अमेरिकी ठिकाने क्षेत्रीय सुरक्षा देने में नाकाम रहे : आईआरजीसी
तेहरान, एजेंसी। ईरान के आईआरजीसी प्रवक्ता ने कहा कि अमेरिकी सैन्य अड्डे सुरक्षा प्रदान करने में असफल रहे हैं। मोहेब्बी ने कहा कि क्षेत्र के देशों के लिए सुरक्षा सुनिश्चित करना जरूरी है। संसद अध्यक्ष ने होर्मुज मुद्दे पर चेतावनी दी कि ईरान की सुरक्षा से समझौता नहीं होगा। ईरान की मुद्रा भी रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गई है।

तेहरान, एजेंसी। मध्य पूर्व में मौजूद अमेरिकी सैन्य अड्डे क्षेत्र में सुरक्षा देने में नाकाम रहे। ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) के प्रवक्ता सरदार हुसैन मोहेब्बी ने मंगलवार को यह दावा किया। उन्होंने कहा कि अमेरिकी आर्थिक प्रतिबंधों के बावजूद ईरान पड़ोसी देशों के साथ अपने संबंध बनाए रखेगा।
आईआरजीसी के प्रवक्ता का बयान
एक संवाददाता सम्मेलन में मोहेब्बी ने कहा कि क्षेत्र की सरकारों और लोगों को यह समझ में आ गया है कि अमेरिकी सैन्य अड्डों की मौजूदगी सुरक्षा सुनिश्चित नहीं करती। ये खुद असुरक्षा का स्रोत हैं। मोहेब्बी ने कहा कि अमेरिका ने क्षेत्र में सैन्य ढांचे और हथियारों पर भारी निवेश किया और दावा किया कि वह क्षेत्रीय सुरक्षा सुनिश्चित कर रहा है। इन सैन्य अड्डों ने सुरक्षा सुनिश्चित करने के बजाय अस्थिरता पैदा की। इनमें से कई सैन्य अड्डे खुद को भी नहीं बचा सके। मोहेब्बी ने सऊदी अरब, पाकिस्तान और तुर्किये के बीच हुए मक्का संयुक्त रक्षा समझौते का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्रीय देशों द्वारा खुद अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक प्रभावी कदम है।
होर्मुज को लेकर चेतावनी दी
मोहेब्बी की टिप्पणी के अलावा ईरानी संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बाघेर गालिबफ ने भी मंगलवार को अमेरिका और अन्य देशों को होर्मुज को लेकर चेतावनी दी। उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की होर्मुज और पोतों की आवाजाही से जुड़ी हालिया टिप्पणियों का जिक्र करते हुए कहा कि ईरान अपनी सुरक्षा से समझौता नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि जिस क्षेत्र में ईरान तेल नहीं बेच पाएगा, वहां किसी अन्य देश को भी तेल बेचने की अनुमति नहीं होगी।
परमाणु मुद्दे पर बातचीत के संकेत
इस बीच, ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची न्यूयॉर्क में अपने कार्यक्रम और राजनयिक वार्ताएं पूरी करने के बाद तेहरान रवाना हो गए। सीएनएन के अनुसार एक अमेरिकी अधिकारी ने सोमवार को कहा कि ट्रंप अंतिम समझौते के तहत ईरान को प्रतिबंधों में राहत देने और उसके जब्त धन को जारी करने पर विचार कर सकते हैं, लेकिन इसके लिए तेहरान को परमाणु मुद्दे पर ठोस प्रगति दिखानी होगी।
ईरान की मुद्रा रिकॉर्ड निचले स्तर पर
तेहरान, एजेंसी। युद्ध के कारण ईरान की आर्थिक स्थिरता पर बढ़ते दबाव के बीच देश की मुद्रा रियाल मंगलवार को एक नए रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गई। तेहरान के कारोबारियों के अनुसार एक अमेरिकी डॉलर के बदले 25 लाख से अधिक रियाल का कारोबार हुआ।


