होर्मुज में तीसरे तेल टैंकर पर ईरानी नौसेना का हमला, लगी आग
ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) की नौसेना ने सोमवार को होर्मुज जलडमरूमध्य में तीसरे सुपरटैंकर को निशाना बनाने का दावा किया। ईरान के अनुसार, टैंकर ने नेविगेशन सिस्टम बंद किया और चेतावनी संदेशों की अनदेखी की। हमले के बाद पोत में आग लग गई। रणनीतिक समुद्री मार्ग पर 48 घंटे में तीन पोतों को निशाना बनाए जाने की घटनाएं हुई हैं।

तेहरान, एजेंसी। ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) की नौसेना ने सोमवार को होर्मुज में एक और बड़े तेल टैंकर को निशाना बनाने का दावा किया। ईरानी नौसेना के मुताबिक समुद्री निर्देशों का पालन नहीं करने पर टैंकर पर हमला किया गया, जिससे उसमें आग लग गई। ईरान के सरकारी समाचार चैनल प्रेस टीवी के अनुसार आईआरजीसी नौसेना ने कहा कि सोमवार सुबह नियमों का उल्लंघन करने वाले तीसरे सुपरटैंकर को होर्मुज में निशाना बनाया गया। हमले के बाद पोत में आग लग गई। ईरानी नौसेना ने आरोप लगाया कि टैंकर ने अपना नेविगेशन सिस्टम बंद कर दिया था और उसके चेतावनी संदेशों को नजरअंदाज किया।
इसके बाद उसने जलडमरूमध्य से बाहर निकलने और वहां की व्यवस्था तथा सुरक्षा को बाधित करने की कोशिश की। ईरान के अनुसार इससे पहले भी दो पोतों ने इसी तरह के निर्देशों की अनदेखी की थी। रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण इस समुद्री मार्ग में 48 घंटे के भीतर तीन पोतों को निशाना बनाए जाने की यह तीसरी घटना है।


