अमेरिकी सुरक्षा में होर्मुज पार कर रहे दो टैंकरों पर हमला
हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
ईरान ने अमेरिकी सेना की निगरानी में होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने की कोशिश कर रहे दो तेल टैंकरों पर हमला किया। इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स के अनुसार, टैंकरों ने निर्धारित मार्ग का पालन नहीं किया और इसके चलते उन्हें निशाना बनाया गया। चार अन्य टैंकरों ने तुरंत अपना मार्ग बदल लिया।

तेहरान, एजेंसी। ईरान ने अमेरिकी सेना की हवाई सुरक्षा में रणनीतिक होर्मुज से गुजरने की कोशिश कर रहे दो तेल टैंकरों पर हमला किया। यह दावा ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने शुक्रवार को किया। आईआरजीसी के मुताबिक नियमों का पालन नहीं करने वाले दोनों तेल टैंकरों को निशाना बनाकर रोक दिया गया। वहीं, चार अन्य तेल टैंकरों ने तुरंत अपना मार्ग बदल लिया और वापस अपनी पिछली स्थिति में लौट गए। ईरानी गार्ड्स ने कहा कि इन टैंकरों ने होर्मुज से गुजरने के लिए अघोषित मार्ग का इस्तेमाल करने की कोशिश की थी। यह मार्ग अमेरिका समर्थित वैकल्पिक समुद्री रास्ता है, जो ईरान के तट के करीब स्थित उसके निर्धारित जलमार्ग से अलग है।


