होर्मुज में यूएई के टैंकरों पर ईरान का हमला, एक भारतीय की मौत
- छह भारतीय समेत आठ अन्य घायल - दोनों टैंकरों पर क्रूज मिसाइल

- घायलों में छह भारतीय और दो यूक्रेनी
ईरानी हमले का विवरण
दुबई/नई दिल्ली, एजेंसी। ओमान के पास होर्मुज में संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के दो तेल टैंकरों पर ईरान के हमले में मंगलवार को चालक दल के एक भारतीय सदस्य की मौत हो गई, जबकि छह भारतीयों समेत आठ अन्य लोग घायल हो गए। वहीं, भारत ने हमले की कड़ी निंदा की है।
यूएई का बयान
यूएई के रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि उसके राष्ट्रीय टैंकर 'मोम्बासा' और 'अल बहियाह' ओमान के जलक्षेत्र में होर्मुज के दक्षिणी मार्ग से गुजर रहे थे, तभी उन पर ईरान की ओर से दो क्रूज मिसाइलें दागी गईं। इससे दोनों टैंकरों में आग लग गई, जिससे उन्हें नुकसान पहुंचा। हालांकि बाद में आग पर काबू पा लिया गया। मोम्बासा टैंकर पर सवार चालक दल के एक भारतीय सदस्य की हमले में मौत हो गई, जबकि आठ अन्य लोग घायल हुए हैं। घायलों में से चार की हालत गंभीर बताई गई है। उसने बताया कि घायलों में छह भारतीय और यूक्रेन के दो नागरिक शामिल हैं। यूएई के रक्षा मंत्रालय ने इस हमले की निंदा करते हुए इसे गंभीर उल्लंघन और अंतरराष्ट्रीय कानून का स्पष्ट हनन बताया। मंत्रालय ने कहा कि यूएई इस तनावपूर्ण स्थिति पर जवाब देने तथा अपने क्षेत्र, नागरिकों और निवासियों की सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने का पूरा अधिकार सुरक्षित रखता है। उसने कहा कि किसी भी खतरे से निपटने के लिए मंत्रालय उच्चतम स्तर की तैयारी और सतर्कता बनाए हुए है।
भारतीय दूतावास की प्रतिक्रिया
भारतीय दूतावास ने दुख जताया
यूएई में भारतीय दूतावास ने चालक दल के एक भारतीय सदस्य की हमले में मौत की घटना पर दुख जताया है। दूतावास ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा हम हालात पर गहरी नजर रख रहे हैं और स्थानीय अधिकारियों से संपर्क बनाए हुए हैं ताकि घायलों को और प्रभावितों के परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
भारत की कड़ी प्रतिक्रिया
भारत ने ईरानी दूतावास के वरिष्ठ अधिकारी को तलब किया, विरोध जताया
भारत ने होर्मुज में दो पोतों पर हुए हमलों की मंगलवार को कड़ी निंदा की। इन हमलों में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई और अन्य घायल हो गए। विदेश मंत्रालय ने ईरानी दूतावास के वरिष्ठ अधिकारी को तलब किया और इन हमलों के खिलाफ कड़ा विरोध दर्ज कराया। भारत ने कहा कि वह होर्मुज से गुजरने के दौरान 'अल बहियाह' और 'मोम्बासा' नाम के दो पोत पर हुए हमलों को लेकर बेहद चिंतित है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि दोनों जहाजों के कुल 46 चालक दल के सदस्यों में से 30 भारतीय नाविक थे। एमटी अल बहियाह पर सवार 12 भारतीयों में से एक की मृत्यु हो गई है और एक अन्य घायल हो गया है। मंत्रालय के अनुसार एमटी मोम्बासा पर सवार 18 भारतीयों में से नौ घायल हुए हैं जिनमें से दो के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना है। मंत्रालय ने कहा कि भारत इन हमलों और नाविकों को निशाना बनाने वाली हिंसा की घटनाओं तथा होर्मुज जैसे अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों से मुक्त एवं सुरक्षित आवाजाही में बाधा डालने वाले कृत्यों की कड़ी निंदा करता है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि हम पश्चिम एशियाई क्षेत्र में हमलों के फिर से शुरू होने और तनाव बढ़ने पर अपनी गहरी चिंता भी दोहराते हैं और शांति के हित में हिंसा को तुरंत रोकने और बातचीत एवं कूटनीति का रास्ता अपनाने की अपील करते हैं।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


