होर्मुज पर ओमान से बातचीत में प्रगति हुई : ईरान
ईरान ने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य के प्रबंधन को लेकर ओमान के साथ वार्ता में प्रगति हुई है। यह दक्षिणी ईरान और ओमान से गुजरने वाले महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग के लिए है। अमेरिका द्वारा तनाव बढ़ाने के बीच तेल और गैस के संचार की सुरक्षा के लिए साझा सिद्धांतों पर सहमति बनाई जा रही है।

तेहरान, एजेंसी। ईरान ने रविवार को कहा कि होर्मुज के प्रबंधन को लेकर ओमान के साथ हुई वार्ता में प्रगति हुई है। तेल और गैस व्यापार के लिहाज से बेहद अहम इस रणनीतिक समुद्री मार्ग की सीमा ईरान और ओमान दोनों से लगती है। यह वार्ता ऐसे समय हुई है, जब अमेरिका ने होर्मुज पर तेहरान के नियंत्रण को समाप्त करने के उद्देश्य से ईरान पर फिर से सैन्य हमले शुरू किए हैं। जून में दोनों पक्षों के बीच हुए समझौता ज्ञापन (एमओयू) के बाद तनाव कुछ समय के लिए कम हुआ था, लेकिन बाद में संघर्ष फिर तेज हो गया।
ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बकाई ने बताया कि शुक्रवार और शनिवार को तेहरान में ईरान और ओमान के उप विदेश मंत्रियों के बीच कई दौर की बातचीत हुई। उन्होंने कहा कि चर्चा का केंद्र होर्मुज से पोतों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए साझा सिद्धांतों और परिचालन तंत्र पर सहमति बनाना था। साथ ही दोनों देशों के संप्रभु अधिकारों का सम्मान भी सुनिश्चित किया गया।


