भारत-मालदीव के बीच यूपीआई सेवा शुरू
हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
नई दिल्ली में वित्त मंत्रालय ने शुक्रवार को मालदीव की त्वरित भुगतान प्रणाली 'फवारा' और भारत की यूपीआई के बीच सफल एकीकरण की घोषणा की। एनपीसीआई इंटरनेशनल पेमेंट्स और मालदीव मौद्रिक प्राधिकरण के बीच यह साझेदारी, दोनों देशों के आर्थिक सहयोग को बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगी।

नई दिल्ली, एजेंसी। मालदीव की त्वरित भुगतान प्रणाली 'फवारा' और भारत की एकीकृत भुगतान व्यवस्था 'यूपीआई' के बीच एकीकरण के सफल क्रियान्वयन की शुक्रवार को घोषणा की गई। वित्त मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि एनपीसीआई इंटरनेशनल पेमेंट्स लिमिटेड (एनआईपीएल) और मालदीव मौद्रिक प्राधिकरण (एमएमए) के बीच साझेदारी में हुआ यह एकीकरण दोनों देशों के बीच सीमा-पार डिजिटल वित्तीय संपर्क और द्विपक्षीय आर्थिक सहयोग में एक मील का पत्थर है। यूपीआई को कंबोडिया, सिंगापुर, संयुक्त अरब अमीरात, फ्रांस, मॉरीशस, नेपाल, भूटान, कतर और श्रीलंका सहित नौ देशों में स्वीकार किया जाता है। इसकी मदद से भारतीय यात्री अब इन देशों में आसानी से भुगतान कर सकते हैं।
यूपीआई मंच का संचालन भारतीय राष्ट्रीय भुगतान निगम (एनपीसीआई) करती है जो भारतीय रिजर्व बैंक और भारतीय बैंक संघ की पहल है।


