इंडोनेशियाई विमान हादसा: 160 गोताखोर गिली मिट्टी और मलबे के बीच वॉयस रिकॉर्डर की खोज में जुटे
इंडोनेशिया में श्रीविजया एयर के दुर्घटनाग्रस्त विमान के वॉयस रिकॉर्डर की तलाश बुधवार को भी जारी रही। इंडोनेशियाई नौसेना के गोताखोर गिली मिट्टी और विमान के मलबे के बीच वॉयस रिकॉर्डर के सुराग खोजते नजर...
इंडोनेशिया में श्रीविजया एयर के दुर्घटनाग्रस्त विमान के वॉयस रिकॉर्डर की तलाश बुधवार को भी जारी रही। इंडोनेशियाई नौसेना के गोताखोर गिली मिट्टी और विमान के मलबे के बीच वॉयस रिकॉर्डर के सुराग खोजते नजर आए। माना जा रहा है कि वॉयस रिकॉर्डर में दर्ज पायलट के बीच हुई बातचीत के ब्योरे से हादसे की वजहें जानने में मदद मिल सकती है।
मालूम हो कि श्रीविजया एयर का बोइंग 737-500 विमान बीते शनिवार जकार्ता से उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद समुद्र में गिर गया था। इसमें कुल 62 लोग सवार थे। 26 साल पुराना यह विमान कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए लागू प्रतिबंधों के मद्देनजर करीब नौ महीने बाद पिछले महीने ही सेवा में लौटा था।
नौसेना अधिकारियों ने बताया कि विमान का डाटा रिकॉर्डर बरामद हो चुका है। यह जिस स्थान से मिला है, उसके पास से कुछ अन्य सिग्नल भी आ रहे हैं, जिसके वॉइस रिकॉर्डर से जुड़े होने की संभावना है। दुर्घटनाग्रस्त विमान में सवार पायलट के बीच हुई वार्ता का पता लगाने के लिए कम से कम 160 गोताखारों को बुधवार को वॉयस रिकॉर्डर की तलाश में लगाया गया।
जकार्ता के ठीक उत्तर में स्थित घटनास्थल पर 3600 राहतकर्मी, 13 हेलिकॉप्टर, 54 बड़े जहाज और 20 छोटी नौकाएं तलाशी अभियान को अंजाम दे रही हैं। समुद्र के अंदर 23 मीटर (करीब 75 फीट) की गहराई में विमान और हादसे में मारे गए लोगों के अवशेष मिले हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।