पाकिस्तान जेल में बीमार हुआ बादल, पिता से मांगे एक लाख रुपये
बरला के बादल बाबू जो फेसबुक पर दोस्ती के बाद पाकिस्तान पहुंचे थे, की तबीयत बिगड़ गई है। उन्हें किडनी में संक्रमण व आंतों में सूजन की समस्या है। बादल ने इलाज के लिए एक लाख रुपये मांगे हैं। परिजन उसकी हालत को लेकर चिंतित हैं।

बरला (अलीगढ़), संवाददाता। फेसबुक पर दोस्ती के बाद एक युवती के प्यार में सीमा पार करने वाले बरला के बादल बाबू की तबीयत बिगड़ गई है। पाकिस्तान जेल में बंद बादल को किडनी में संक्रमण व आंतों में सूजन की समस्या हो रही है। उसने पिता से बेहतर इलाज कराने के लिए एक लाख रुपये मांगे हैं। इससे परिजनों की चिंताएं और बढ़ गई हैं। बरला के गांव खिटकारी निवासी बादल बाबू को 27 दिसंबर 2024 को पाकिस्तान पुलिस ने गिरफ्तार करके जेल भेजा था। 30 अप्रैल को बादल को एक साल कैद की सजा सुनाई गई। साथ ही पांच हजार रुपये का जुर्माना लगाया था। उसने सजा पूरी कर ली। लेकिन, जुर्माना न भर पाने के चलते वह अतिरिक्त सजा काट रहा है। पिता के अनुसार, बादल ने फोन पर अपनी व्यथा बताते हुए कहा कि वह जेल में बहुत परेशान है। उसे पेट में गंभीर दर्द है। किडनी में समस्या है और आंतों में सूजन है। उचित इलाज और खानपान न मिलने के कारण उसकी स्थिति दिन-ब-दिन बिगड़ती जा रही है, जिससे परिजन बेहद डरे हुए हैं。
मां से बोला- अस्सलाम वालेकुम...
बादल की मां गायत्री देवी ने बताया कि बातचीत में बादल बहुत परेशान लग रहा था, उसको पेट में बहुत दर्द है। बादल ने बताया कि उसे रुपयों की अत्यधिक आवश्यकता है। बादल ने अपने पिता से एक लाख रुपये की मांग की है, ताकि वह अपना बेहतर इलाज करा सके। उन्होंने ये भी बताया कि उसने शुरुआत में उसे अस्सलाम वालेकुम बोला था। बता दें कि पूर्व में बादल द्वारा इस्माल धर्म अपनाने का दावा किया गया था।
वकील फियाज रामे से नहीं हो रहा संपर्क :
इस मामले की पैरवी कर रहे करांची के अधिवक्ता फियाज रामे यू-ट्यूब पर वीडियो डालकर उसके बारे में जानकारी साझा करते रहे हैं। हालांकि कई दिनों से परिजनों की वकील से बात नहीं हो पाई हैं। कुछ माह पहले फियाज रामे ने बादल बाबू के पिता से कहा था कि मेरा काम खत्म हो चुका है। अब भारत सरकार और पाकिस्तान सरकार का निर्णय ही बादल बाबू की वतन वापसी हो सकती है।
सरकारी मदद की आस में परिवार :
परेशान माता-पिता अपने बेटे को सही-सलामत वापस लाने के लिए स्थानीय अधिकारियों से लेकर सरकार तक गुहार लगा रहे हैं। बादल के पिता ने उत्तर प्रदेश सरकार से विनती की है कि कूटनीतिक स्तर पर प्रयास किए जाएं, ताकि उनका बेटा सुरक्षित घर लौट सके।
अक्सर पूछे जानेवाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


