खेल : भारत की निगाह विदेश में तीन साल में पहली सीरीज जीत पर
शोल्डर : श्रीलंका के खिलाफ दूसरा और अंतिम टेस्ट मुकाबला आज से, कप्तान शुभमन गिल

कोलंबो, एजेंसी। भारतीय टीम श्रीलंका के खिलाफ रविवार से शुरू होने वाले दूसरे टेस्ट में जीत के साथ विदेशी सरजमीं पर तीन साल में पहली सीरीज फतह करने उतरेगी। इस मुकाबले में निगाह युवा ओपनर यशस्वी जायसवाल और कप्तान शुभमन गिल पर रहेंगी। रन बनाने के लिए जूझ रहे दोनों भारतीय बल्लेबाज बड़ी पारी खेलने की कोशिश करेंगे। भारतीय टीम ने पहला टेस्ट 165 रन से जीता था। इससे उसका मनोबल बढ़ा है। भारत ने विदेश में अपनी आखिरी टेस्ट सीरीज जुलाई 2023 में वेस्टइंडीज के खिलाफ जीती थी। उसके बाद से ऑस्ट्रेलिया से हार मिली जबकि दक्षिण अफ्रीका और इंग्लैंड के साथ उनके घरेलू मैदान पर सीरीज बराबर की थी। इस बीच उसे न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका से घरेलू धरती पर हार झेलनी पड़ी थी। देवदत्त पडिक्कल अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखना चाहेंगे। केएल राहुल भी हाथ खोलना चाहेंगे。
टीम की स्थिति
तो चौथे स्थान पर पहुंच जाएगी टीम : भारत अगर सीरीज में 2-0 से क्लीन स्वीप कर लेता है, तो वह 57.58 प्रतिशत अंकों के साथ विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप (डब्ल्यूटीसी) रैंकिंग में चौथे स्थान पर पहुंच सकता है। लेकिन यह बांग्लादेश की ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में हार पर ही संभव हो पाएगा। डार्विन में पहले टेस्ट में ऐतिहासिक जीत दर्ज करने वाला बांग्लादेश अभी चौथे स्थान पर है।
गिल और यशस्वी की भूमिका
प्रभात से निपटना चाहेंगे गिल : भारत को मैच में गिल और यशस्वी से बड़ी पारी की उम्मीद रहेगी। गिल अच्छी फॉर्म में नजर आ रहे हैं। उन्होंने अपनी पिछली छह पारियों में दो शतक बनाए हैं। लेकिन पिछले मैच में उनका बल्ला नहीं चल पाया था। उन्हें विशेषकर बाएं हाथ की स्पिनर के सामने दिक्कत हो रही है। गॉल में दोनों पारियों में उन्हें खब्बू स्पिनर प्रभात जयसूर्या ने आउट किया। इसके अलावा कप्तान के रूप में उनका प्रदर्शन शानदार रहा है।
यशस्वी की फॉर्म
कट शॉट बना यशस्वी के लिए मुसीबत : यशस्वी की समस्या थोड़ी और गंभीर है। पिछले साल वेस्टइंडीज के खिलाफ नई दिल्ली में शतक बनाने के बाद उन्होंने अपनी पिछली आठ पारियों में सिर्फ एक अर्धशतक बनाया है। वह तेज गेंदबाजों के खिलाफ कट या चिप शॉट खेलकर आउट हो रहे हैं जो चिंताजनक है। गॉल में पहली पारी में रन आउट होने के बाद दूसरी पारी में भी इसी तरह से आउट हुए थे। उन्होंने अपने खेल के इस पहलू में सुधार करने के लिए शुक्रवार को एसएससी में नेट पर काफी समय बिताया। भारत के तेज गेंदबाजों और गेंदबाजी कोच मोर्णे मोर्कल ने ऑफ स्टंप के बाहर की उस लाइन को निशाना बनाया, जिससे यशस्वी को कट या चिप शॉट खेलने के लिए लुभाया जा सके। उन्होंने इस तरह की गेंदों को बिना छेड़े हुए स्टंप्स के पास से बिना गुजरने दिया। अगर वह मैच में भी इसी तरह का धैर्य बनाए रखते हैं तो बड़ी पारी खेल सकते हैं।
कुलदीप और सारांश का चयन
कुलदीप या सारांश : इस पर भी सब की नजर रहेगी कि कुलदीप अंतिम एकादश में जगह बना पाते हैं या नहीं। पहले मैच में पिच से काफी मदद मिलने के बावजूद उन्होंने दो पारियों में 25 ओवरों में सिर्फ एक विकेट लिया था। कुलदीप पहले टेस्ट मैच में गेंदबाजों में सबसे महंगे साबित हुए। उन्होंने प्रति ओवर चार से अधिक रन लुटाए। श्रीलंका की टीम में बाएं हाथ के अधिक बल्लेबाजों को देखते हुए ऑफ स्पिनर सारांश जैन को पदार्पण का मौका मिल सकता है। अंतिम निर्णय काफी हद तक यहां की पिच पर निर्भर करता है, जिसे पिछले दो दिनों में पानी डालकर उसकी पकड़ बनाए रखी गई है। श्रीलंका को अगर सीरीज में वापसी करनी है तो उसके शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों को धैर्य के साथ खेलना होगा। उन्हें उम्मीद होगी कि शानदार फॉर्म में चल रहे कामिल मिशारा और साहन अरच्चिगे को टीम में शामिल करने से सकारात्मक बदलाव आएगा।
मैच की जानकारी
-------------------
प्रसारण : सुबह : 10 बजे से
सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर
-------------
गिल बनेंगे तीन हजारी
गिल टेस्ट में तीन हजार रन बनाने वाले 28वें भारतीय बनने से सिर्फ सात रन दूर हैं। वह अब तक 42 टेस्ट मुकाबलों में 43.37 की औसत से 2993 रन बना चुके हैं। इनमें 11 शतक और आठ अर्धशतक हैं। यही नहीं तीन छक्के लगाते ही वह टेस्ट में छक्कों का अर्धशतक भी पूरा कर लेंगे।
कप्तानी का पहला सपना
विदेशी में पहली सीरीज जीत : टीम अगर दूसरा टेस्ट जीत जाती है तो यह गिल की कप्तानी में विदेश में पहली सीरीज जीत होगी। उन्होंने कप्तानी संभालने के बाद 10 टेस्ट मैचों में 73 से अधिक के औसत से 1100 रन बनाए हैं। टीम ने छह मैच जीते, तीन हारे और एक ड्रॉ रहा है।
------------
यशस्वी तीसरे भारतीय
यशस्वी का यह 31वां टेस्ट होगा। उन्होंने लाल गेंद के सभी मुकाबले 31 अलग-अलग वेन्यू में खेले हैं। वह ऐसा करने वाले तीसरे भारतीय हैं। उनसे आगे सचिन तेंदुलकर (32) और संजय मांजरेकर (33) ही हैं जिन्होंने अपने लगातार मैच अलग-अलग स्टेडियमों में खेले हैं।
---------------
नंबर गेम
-11 साल से श्रीलंका ने भारत के खिलाफ टेस्ट नहीं जीता है। पिछली जीत 2015 में दर्ज की थी। उसके बाद से नौ मैच हारे और दो ड्रॉ रहे हैं
-29 साल बाद दोनों टीमें कोलंबो में टेस्ट खेलेंगी। इससे पहले 1997 में खेले गया एकमात्र मुकाबला बराबरी पर छूटा था
----------------------
आमने-सामने
कुल मैच : 47
भारत जीता : 23
श्रीलंका जीता : 7
ड्रॉ : 17
-----------------


