नेपाल में भारतीय तस्कर के पैर में मारी गोली, ब्राउन शुगर और पिस्टल के साथ गिरफ्तार
महराजगंज के निकट नेपाल के रुपन्देही जिले में पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी के आरोप में एक भारतीय नागरिक अकबाल खान को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने पुलिस का विरोध किया, जिसके चलते आत्मरक्षा में पुलिस ने गोली चलाई। आरोपी के पास से ब्राउन शुगर और हथियार बरामद हुए हैं।

महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम। सीमा सटे नेपाल के रुपन्देही जिले में पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक भारतीय नागरिक को गोली मारकर गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से ब्राउन शुगर, एक पिस्टल, जिंदा कारतूस और भारतीय नंबर प्लेट लगी बाइक बरामद की गई है। जिला पुलिस कार्यालय रुपन्देही के सूचना अधिकारी एवं डीएसपी कृष्ण कुमार चन्द ने बताया कि शुक्रवार की रात मायादेवी गांवपालिका-5 स्थित गुरुवनिया क्षेत्र में भारत की ओर से बाइक पर नेपाल में प्रवेश कर रहे उत्तर प्रदेश अमेठी निवासी अकबाल खान को रोकने का प्रयास किया गया। आरोपी ने गिरफ्तारी का विरोध किया, जिसके बाद आत्मरक्षा में पुलिस को गोली चलानी पड़ी।
गोली आरोपी के पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपी का इलाज कराया जा रहा है। जांच के दौरान आरोपी के पास से ब्राउन शुगर, एक पिस्टल, गोलियां तथा भारतीय नंबर प्लेट लगी बाइक बरामद की है। बरामद ब्राउन शुगर की सटीक मात्रा का निर्धारण अभी किया जा रहा है। आरोपी से पूछताछ के आधार पर तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


