आपनी जान जोखिम में डालकर भारतीय पायलट ने 180 लोगों की बचाई जिंदगी
एक भारतीय पायलट ने फ्लाईदुबई विमान के कॉकपिट में चाकू से हमले का सामना करते हुए 180 लोगों की जान बचाई। सह-पायलट पर हमले के दौरान यात्रियों ने भी मदद की। कैप्टन स्मित मच्छार, जिनके पास दस हजार घंटे से ज्यादा उड़ान अनुभव है, को ओमानी सह-पायलट ने नीचे गिरा दिया और चाकू से हमला किया।

हाथापाई हुई, चाकू से हमला किया गया, शरीर पर चोटें आईं… लेकिन भारतीय पायलट ने हिम्मत नहीं हारी। हवा में उड़ रहे फ्लाईदुबई विमान के कॉकपिट में जब हालात बेकाबू होने लगे, तब भारतीय बताए जा रहे कैप्टन ने सह-पायलट का सामना किया। हमले और खूनी संघर्ष के बावजूद उन्होंने विमान का नियंत्रण बनाए रखा और विमान में मौजूद करीब 180 लोगों की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई। यात्रियों ने भी सह-पायलट को काबू करने में मदद की। हालांकि, पायलटों की पहचान और राष्ट्रीयता की फ्लाईदुबई की ओर से अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई। लेकिन इजरायली मीडिया में दावा किया गया कि मुख्य पायलट का नाम भारत के स्मित मच्छार हैं और गुजरात के रहने वाले हैं। उनके साथ ओमानी सह-पायलट ने उन पर चाकू से हमला किया और विमान के अंदर मौजूद सिस्टम को तोड़ने की भी कोशिश की। हालांकि कुछ इजरायली मीडिया संस्थानों ने पायलटों को ओमानी और अमीराती नागरिक बताया, जबकि कुछ अन्य रिपोर्टों में उन्हें रूसी और यूक्रेनी नागरिक बताया गया।
भारतीय कैप्टन को गिरा दिया था नीचे
यात्रियों ने बताया कि ओमानी को-पायलट ने कैप्टन स्मित मच्छार को नीचे गिरा दिया था और उन पर चाकू से हमले कर रहा था। सब जगह खून फैला हुआ था। कैप्टन स्मित मच्छार की आवाज तक नहीं निकल रही थी।
स्मित को दस हजार घंटे से अधिक उड़ान का अनुभव
कैप्टन स्मित मच्छार के लिंक्डइन प्रोफाइल के अनुसार, इससे पहले उन्होंने स्पाइस जेट में काम किया था। कैप्टन मच्छर के पास बोइंग 737 विमानों पर 13 वर्षों से अधिक का वाणिज्यिक उड़ान का अनुभव है। उनके पास करीब दस हजार से अधिक का उड़ान अनुभव है।
यात्री ने कहा, सह-पायलट सभी को मारना चाहता था
विमान में सवार एक यात्री ने दावा किया कि सह-पायलट विमान को गिराकर सभी लोगों को मारना चाहता था। यात्री मिरियम शिरा ओहायोन ने बताया कि जब जॉर्डन के ऊपर विमान में चाकूबाजी की घटना हुई, तब विमान लगभग नियंत्रण से बाहर हो गया था। सह-पायलट ने पायलट को मारने की कोशिश की और मूल रूप से विमान को गिराकर आत्मघाती हमला करने की कोशिश की। यात्री ने कहा कि विमान लगभग दुर्घटनाग्रस्त होने वाला था। कई लोगों की सूझबूझ और हिम्मत की वजह से सह-पायलट को काबू किया जा सका और उसे रोक दिया गया।
विमान में मौजूद डॉक्टर ने किया उपचार
यात्री ने बताया कि विमान में एक डॉक्टर भी मौजूद था, जिसने घायलों को प्राथमिक उपचार दिया। अन्य लोगों ने भी दोनों पायलटों की मदद की।


