मलेशिया में हृदयाघात से जोड़ापोखर के युवक की मौत
जोड़ापोखर के 39 वर्षीय भरत कुमार यादव की मलेशिया में हार्ट अटैक से मौत हो गई। भरत अगस्त 2022 में काम के लिए गया था। अब उसकी मां, पिता और भाई उसका शव धनबाद लाने के लिए सरकारी मदद मांग रहे हैं। स्थानीय पार्षद ने प्रशासन से शीघ्र सहायता की अपील की है।

जोड़ापोखर थाना क्षेत्र के भूलन बरारी, लंका नगरी निवासी 39 वर्षीय भरत कुमार यादव की मौत मलेशिया में हृदयाघात से हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद से ही मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। बदहवास परिजन अब भरत का पार्थिव शरीर मलेशिया से धनबाद लाने के लिए जिला प्रशासन और सरकार से मदद की गुहार लगा रहे हैं। भरत के भाई लक्ष्मण यादव ने बताया कि भरत अगस्त 2022 में रोजगार के सिलसिले में मलेशिया गया था। पांच सितंबर को पड़ोस के एक जनरल स्टोर के फोन पर उसकी मौत की खबर आई। परिजनों ने उस नंबर पर वापस संपर्क किया, तो बताया गया कि दिल का दौरा पड़ने से भरत का निधन हो गया है।
भरत अविवाहित था। उसकी आकस्मिक मौत की खबर से मां गिरजा देवी, पिता लटू यादव और भाई परशुराम यादव का रो-रोकर बुरा हाल है। इस बीच, शव को जल्द से जल्द वतन वापस लाने के लिए वार्ड पार्षद अलीम अंसारी ने जोरापोखर थाना प्रभारी और धनबाद उपायुक्त से आग्रह किया है।


