खेल : प्रज्ञाननंदा ने कारुआना को बराबरी पर रोका
भारतीय ग्रैंडमास्टर आर प्रज्ञाननंदा ने सिंकफील्ड कप के सातवें दौर में फैबियानो कारुआना के खिलाफ ड्रॉ खेलकर अपनी स्थिति मजबूत की। प्रज्ञाननंदा चार अंकों के साथ कारुआना और मैक्सिम वाचियर-लाग्रेव के साथ दूसरे स्थान पर हैं। वेस्ली सो शीर्ष पर हैं। ग्रैंड फिनाले में जगह बनाने की संभावनाएँ बढ़ी हैं।

सेंट लुइस (अमेरिका), एजेंसी। भारतीय ग्रैंडमास्टर आर प्रज्ञाननंदा ने सिंकफील्ड कप के सातवें दौर में अमेरिका के फैबियानो कारुआना के खिलाफ काले मोहरों से खेलते हुए 56 चालों के बाद ड्रॉ खेलकर अपनी स्थिति मजबूत कर ली। इसके बाद प्रज्ञाननंदा चार अंकों के साथ कारुआना और फ्रांस के मैक्सिम वाचियर-लाग्रेव के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर हैं। अमेरिका के वेस्ली सो 4.5 अंकों के साथ शीर्ष पर बने हुए हैं। प्रज्ञाननंदा का यह परिणाम ग्रैंड चेस टूर के साल के अंत में होने वाले ग्रैंड फिनाले में जगह बनाने की उनकी संभावनाओं के लिए भी अहम है। अब सिर्फ दो दौर बाकी हैं।
जर्मनी के विंसेंट कीमर, अमेरिका के लेवोन अरोनियन व सैमुअल सेवियन और विश्व चैंपियनशिप के दावेदार जावोखिर सिंदारोव 3.5-3.5 अंकों के साथ संयुक्त पांचवें स्थान पर हैं। नीदरलैंड्स के अनीश गिरी तीन अंकों के साथ नौवें स्थान पर हैं। जबकि उनके हमवतन जॉर्डन वान फोरेस्ट सबसे निचले स्थान पर हैं।


