खेल : प्रज्ञाननंदा जीत के करीब पहुंचकर चूके
भारतीय ग्रैंडमास्टर आर प्रज्ञाननंदा ने ग्रैंड चेस टूर के सेमीफाइनल में जर्मनी के खिलाड़ी विंसेंट कीमर के खिलाफ ड्रॉ मुकाबला खेला। प्रज्ञाननंदा ने आक्रामक खेल दिखाया, लेकिन कीमर ने धैर्य बनाए रखा। अगले दिन रैपिड और ब्लिट्ज मुकाबले होंगे, जिसमें फाइनल में पहुंचने के लिए 15 अंक की आवश्यकता होगी।

सेंट लुइस (अमेरिका), एजेंसी। भारतीय ग्रैंडमास्टर आर प्रज्ञाननंदा ग्रैंड चेस (शतरंज) टूर के सेमीफाइनल मुकाबले में जीत के बेहद करीब पहुंचकर भी जर्मनी के विंसेंट कीमर से बाजी ड्रॉ करा बैठे। इस तरह उन्हें अंक साझा करने पर मजबूर होना पड़ा। अमेरिका के खिलाड़ी वेस्ली सो ने हमवतन फैबियानो कारुआना के खिलाफ सफेद मोहरों से जोखिम लेने से बचने पर ध्यान दिया और आसानी से बाजी ड्रॉ करा ली। प्रज्ञाननंदा ने आक्रामक अंदाज में खेलते हुए शुरुआत से ही दबाव बनाया। सफेद मोहरों से उन्हें बढ़त हासिल कर लगातार जीत की कोशिश की लेकिन कीमर ने मुश्किल स्थिति में होने के बावजूद धैर्य बनाए रखा।
सेमीफाइनल में एक और क्लासिकल बाजी होगी। इसके बाद अगले दिन रैपिड और ब्लिट्ज मुकाबले खेले जाएंगे। क्लासिकल बाजी में हर मुकाबला छह अंक है। मुकाबला बराबर होने पर दोनों खिलाड़ियों को तीन-तीन अंक मिलेंगे। रैपिड में जीत के लिए चार अंक और ड्रॉ पर दोनों खिलाड़ियों को दो-दो अंक मिलेंगे। इसके बाद चार ब्लिट्ज बाजियां होंगी, जिसमें प्रत्येक जीत पर दो अंक और ड्रॉ पर एक-एक अंक मिलेगा। हारने वाले खिलाड़ी को कोई अंक नहीं मिलेगा। सेमीफाइनल में कुल 28 अंक दांव पर होंगे और 15 अंक हासिल करने वाला खिलाड़ी फाइनल में पहुंचेगा। हारने वाले दोनों सेमीफाइनलिस्ट तीसरे स्थान के लिए आमने-सामने होंगे।


