खेल : प्रज्ञाननंदा ने सेवियन को बराबरी पर रोका
भारतीय ग्रैंडमास्टर आर प्रज्ञाननंदा ने सिंकफील्ड कप में अपने प्रतिद्वंद्वी सैमुअल सेवियन के साथ आसानी से ड्रॉ खेला। फैबियानो कारुआना इस प्रतियोगिता के पहले दौर में एकमात्र विजेता रहे, जिन्होंने जॉर्डन वैन फोरस्ट को हराया। प्रज्ञाननंदा ने काले मोहरों से खेलते हुए ना तो गलती की और ना ही कोई जोखिम उठाया।

सेंट लुई (अमेरिका), एजेंसी। भारतीय ग्रैंडमास्टर आर प्रज्ञाननंदा ने ग्रैंड शतरंज टूर की प्रतियोगिता सिंकफील्ड कप के पहले दौर में अपने अमेरिकी प्रतिद्वंद्वी सैमुअल सेवियन के साथ आसान ड्रॉ खेला। इस वर्ष के टूर्नामेंट में शीर्ष वरीयत प्राप्त फैबियानो कारुआना 10 खिलाड़ियों के नौ दौर की इस प्रतियोगिता के पहले दौर में जीत हासिल करने वाले एकमात्र खिलाड़ी रहे। इससे उन्होंने शुरुआती बढ़त बना ली है। उन्होंने नीदरलैंड्स के जॉर्डन वैन फोरस्ट को हराया। प्रज्ञाननंदा के लिए यह एक अच्छी शुरुआत रही। उन्होंने काले मोहरों से खेलते हुए सेवियन के खिलाफ कोई गलती नहीं की। प्रज्ञाननंदा को बाजी ड्रॉ कराने में किसी तरह की परेशानी नहीं हुई क्योंकि अमेरिकी खिलाड़ी ने भी जोखिम उठाना उचित नहीं समझा।
दोनों खिलाड़ी 48 चाल के बाद अंक बांटने पर सहमत हो गए। कारुआना ने फोरस्ट को 55 चाल में हराकर एक बार फिर साबित कर दिया कि वह अब तक इस टूर के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी क्यों हैं। उन्होंने अंतिम क्षणों में फोरस्ट की गलती का फायदा उठाकर पूरे अंक हासिल किए।विश्व चैंपियनशिप के दावेदार उज्बेकिस्तान के जावोखिर सिंदारोव ने आर्मेनियाई मूल के अमेरिकी खिलाड़ी लेवोन अरोनियन के साथ अंक साझा किए। जर्मनी के विन्सेंट कीमर ने अमेरिका के वेस्ली सो से बाजी ड्रॉ खेली। नीदरलैंड्स के अनीश गिरी ने भी फ्रांस के मैक्सिम वाचियर-लाग्रेव के साथ ड्रॉ खेला।


