विदेश : संस्कृति, यात्रा और निवेश से जुड़ी जानकारी देगी एआई 'देवी'
दुर्गा पूजा के अवसर पर इंडोनेशिया स्थित भारतीय दूतावास ने कृत्रिम मेधा से तैयार डिजिटल अवतार ‘देवी’ की शुरुआत की है। जकार्ता में भारतीय राजदूत संदीप चक्रवर्ती ने इसकी घोषणा की। यह अवतार संस्कृति, यात्रा, छात्रवृत्ति, कारोबार, निवेश और वाणिज्य दूतावास संबंधी जानकारी देगा। इंडोनेशिया में करीब 1.3 लाख भारतीय मूल के लोग और 15 हजार एनआरआई रहते हैं।

- इंडोनेशिया में भारतीय दूतावास ने की शुरुआत सिंगापुर, एजेंसी। दुर्गा पूजा के मौके पर इंडोनेशिया में भारत के दूतावास ने कृत्रिम मेधा (एआई) से तैयार अपने नए डिजिटल अवतार 'देवी' की शुरुआत की है। जकार्ता स्थित भारतीय दूतावास का यह अवतार लोगों को संस्कृति, यात्रा, छात्रवृत्ति और निवेश सहित विभिन्न विषयों पर जानकारी उपलब्ध कराएगा।इंडोनेशिया में भारत के राजदूत संदीप चक्रवर्ती ने मंगलवार को सोशल मीडिया पर इसकी शुरुआत की घोषणा की। उन्होंने कहा, दूतावास का एआई अवतार नवरात्र और दुर्गा पूजा पर अपने अनुयायियों का मार्गदर्शन करने के लिए तैयार है। दूतावास ने नए डिजिटल प्रतिनिधि का परिचय देते हुए लोगों को आमंत्रित किया, हमें फॉलो करें और देवी को हेलो कहें।
मिशन ने सोशल मीडिया पर पोस्ट में कहा, संस्कृति, यात्रा, छात्रवृत्ति, कारोबार, निवेश के अवसर और वाणिज्य दूतावास संबंधी अपडेट सभी अब और करीब। भारतीय मिशन के अनुसार, इंडोनेशिया में भारतीय मूल के करीब एक लाख 30 हजार लोग और करीब 15 हजार अनिवासी भारतीय (एनआरआई) रहते हैं। इनमें से ज्यादातर चार्टर्ड अकाउंटेंट, शिक्षक और इंजीनियर सहित विभिन्न पेशों से जुड़े हैं।


