गंभीर के ‘फ्लॉप फॉर्मूले’ के बाद अब लक्ष्मण की परीक्षा
आयरलैंड और इंग्लैंड के दौरे के बाद भारतीय क्रिकेट टीम जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों की टी-20 सीरीज के लिए तैयार है। यह सीरीज भारतीय टीम प्रबंधन की चयन रणनीति का 'लिटमस टेस्ट' होगी। मुख्य कोच गौतम गंभीर गैरमौजूद हैं, और वीवीएस लक्ष्मण अंतरिम कोच होंगे। जिम्बाब्वे के कप्तान ने सीरीज को प्रतिस्पर्धात्मक बताया।

हरारे, एजेंसी। आयरलैंड और इंग्लैंड के हालिया निराशाजनक दौरे के बाद भारतीय क्रिकेट टीम अब जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों की टी-20 सीरीज के लिए तैयार है। 23 जुलाई से हरारे में शुरू हो रही यह सीरीज सिर्फ दो टीमों की जंग नहीं, बल्कि भारतीय टीम प्रबंधन की चयन रणनीति का ‘लिटमस टेस्ट’ होगी। पिछले दौरों पर 10 में से 9 मुकाबले गंवाने के बाद मुख्य कोच गौतम गंभीर की कार्यशैली और खिलाड़ियों के बार-बार फेरबदल पर सवाल खड़े हुए हैं। हालांकि, गंभीर जिम्बाब्वे दौरे पर टीम के साथ नहीं जा रहे हैं और श्रीलंका के खिलाफ 15 अगस्त से शुरू होने वाली टेस्ट सीरीज से वापस आएंगे। उनकी गैरमौजूदगी में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) के प्रमुख वीवीएस लक्ष्मण अंतरिम मुख्य कोच के रूप में कमान संभालेंगे। अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या लक्ष्मण भी गंभीर के उसी अस्थिर मॉडल पर चलेंगे या फिर टीम में स्थिरता और खिलाड़ियों को सुरक्षा का अहसास कराएंगे।
यूके दौरा
यूके दौरा भारतीय टीम के लिए किसी दुःस्वप्न से कम नहीं रहा। 19 जुलाई को लॉर्ड्स में खत्म हुए दौरे में सिर्फ हार ही नहीं, बल्कि खिलाड़ियों का गलत इस्तेमाल और असुरक्षा का माहौल सबसे बड़ी चिंता की वजह बना। इस पूरे दौरे में पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज और मुख्य कोच गौतम गंभीर ‘कॉमन फैक्टर’ रहे।
समान मौके : रजा
जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा ने भारत को सीरीज जीतने का प्रबल दावेदार मानने से इनकार किया। उन्होंने कहा, दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर होगी और उनके पास समान रूप से जीत हासिल करने के मौके होंगे। रजा ने स्टार स्पोर्ट्स से कहा, हमें अपनी टीम पर पूरा भरोसा है। हमारी टीम लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रही है और इसलिए मैं पूरे विश्वास के साथ कह सकता हूं कि यह सीरीज बेहद रोमांचक होगी।
इंग्लैंड-आयरलैंड की बड़ी चूक
1. कुलदीप की अनदेखी : पूरे दौरे पर लेग स्पिनर कुलदीप यादव को एक भी मैच में मौका नहीं दिया गया।
2. तीन नाकामी और बाहर : संजू सैमसन और युवा वैभव सूर्यवंशी को केवल तीन-तीन असफलताओं के बाद सीधे बेंच पर बैठा दिया गया।
3. निर्णायक मैच में नए चेहरे : लॉर्ड्स में सीरीज के निर्णायक मुकाबले में प्रिंस यादव और अर्शदीप सिंह को सीधे अंतिम-11 में उतार दिया गया।
4.रवि बिश्नोई पर गाज: सिर्फ एक खराब मैच के आधार पर मुख्य लेग-स्पिनर रवि बिश्नोई को बाहर का रास्ता दिखा दिया गया।
5. सुंदर का गलत इस्तेमाल : वाशिंगटन सुंदर को बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में उनकी तय भूमिका से हटकर इस्तेमाल किया गया।
वीवीएस के सामने सवाल
1. वैभव सूर्यवंशी : 15 वर्षीय युवा सनसनी को क्या तीनों टी-20 मैचों में मौका दिया जाएगा?
2. सैमसन की जगह : संजू सैमसन को बाहर/आराम दिए जाने के बाद चुने गए प्रभसिमरन सिंह को मौका मिलेगा या फिर ईशान किशन और अभिषेक शर्मा के रहते वे बाहर बैठेंगे?
3. स्पिन विभाग : आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स के लिए नियमित न खेलने वाले रवि बिश्नोई टीम में इकलौते कलाई के स्पिनर हैं। क्या हारने की स्थिति में भी उन पर भरोसा जताया जाएगा?
4. फिनिशर की भूमिका : टीम में टी-20 क्रिकेट के हिसाब से लचीलापन जरूरी है, लेकिन कितना बदलाव सही है? तिलक वर्मा, सूर्यांश शेडगे और रिंकू सिंह में से फिनिशर की असली भूमिका कौन निभाएगा?
5. यदि हारे तो... : अगर भारत शुरुआती दो में से एक मैच हार जाता है, तो क्या लक्ष्मण टीम में फिर से अंधाधुंध बदलाव करेंगे या संयोजन को बरकरार रखेंगे?
तीन टी-20 मैचों की सीरीज
मैच दिन तारीख वेन्यू
पहला गुरुवार 23 जुलाई हरारे
दूसरा शनिवार 25 जुलाई हरारे
तीसरा रविवार 26 जुलाई हरारे
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


