खेल : सिराज के साथ कृष्णा संभाल सकते हैं नई गेंद
शोल्डर : श्रीलंका के खिलाफ पहला टेस्ट आज से गॉल में, भारतीय बल्लेबाजों की स्पिनरों

गॉल, एजेंसी। भारतीय बल्लेबाजों की शनिवार से शुरू हो रही दो टेस्ट मैच की सीरीज में स्पिन के खिलाफ कड़ी परीक्षा होगी। इस सीरीज का नतीजा मुख्य कोच गौतम गंभीर की देश के लाल गेंद क्रिकेट के प्रभारी के तौर पर भूमिका के लिए काफी अहम होगा। अनुभवी मोहम्मद सिराज के साथ प्रसिद्ध कृष्णा नई गेंद संभाल सकते हैं। हालांकि युवा गुरनूर बरार ने पुरानी गेंद से प्रभावी गेंदबाजी करने की अपनी क्षमता के दम पर मजबूत दावेदारी पेश की है। टीम में बाएं हाथ के तीन स्पिनरों जडेजा, सुथार और कुलदीप यादव का खेलना तय है। वहीं चार तेज गेंदबाजों में सिराज की जगह लगभग तय है। आकिब नबी दौड़ में नहीं हैं। छह फुट पांच इंच लंबे गुरनूर और उनसे एक इंच छोटे प्रसिद्ध के बीच चयन होना है। प्रसिद्ध सात टेस्ट खेल चुके हैं और उनके नाम 25 विकेट हैं। गॉल की पिच के मुश्किल होने की उम्मीद नहीं है। मैच आगे बढ़ने के साथ इसमें स्वाभाविक टूट-फूट आने की संभावना है। ऐसे में गेंदबाजों के लिए अपनी क्षमता पर भरोसा रखते हुए सही लाइन और लेंथ पर गेंदबाजी करना महत्वपूर्ण होगा। स्पिनर गेंदबाजी का अधिकांश भार संभालेंगे लेकिन मुख्य तेज गेंदबाज सिराज और उनके साथ संभावित रूप से खेलने वाले कृष्णा को अपने छोर को नियंत्रण में रखना होगा। जरूरत पड़ने पर महत्वपूर्ण सफलताएं दिलानी होंगी।
कृष्णा की अनदेखी मुश्किल
कप्तान शुभमन गिल ने शुक्रवार को कहा, दोनों ही बहुत कुशल गेंदबाज हैं। उन्होंने अभ्यास मैच में बेहद अच्छी गेंदबाजी की। हमने देखा है कि जब पिच से कुछ खास मदद नहीं मिल रही होती है तब पुरानी गेंद से गुरनूर कितना प्रभावी है। वह पुरानी गेंद से शानदार गेंदबाजी करता है आपको अतिरिक्त रफ्तार और अतिरिक्त उछाल की जरूरत होती है। बेशक वह काफी लंबा है। लेकिन मुझे लगता है कि हाल में प्रसिद्ध ने अपने करियर की अब तक की सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी की है। लाल गेंद और सफेद गेंद, दोनों प्रारूपों में। इसलिए हमारे लिए दोनों में से किसी एक को चुनना बहुत मुश्किल फैसला होगा।
डल्यूटीसी फाइनल के लिए जीत जरूरी
गंभीर के कार्यकाल में भारत सफेद गेंद (सीमित ओवरों का क्रिकेट) के क्रिकेट में अजेय रहा है। लेकिन टेस्ट की तस्वीर काफी निराशाजनक है। न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू मैदान पर क्लीन स्वीप ने भारत की विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) की उम्मीदों को बड़ा झटका दिया है। जीत से भारत की डल्यूटीसी के फाइनल में पहुंचने की उम्मीदों को संजीवनी मिलेगी।
गॉल का बादशाह है श्रीलंका
हालांकि गॉल में खोई प्रतिष्ठा वापस हासिल करना किसी भी मेहमान टीम के लिए आसान काम नहीं है। अक्सर यहां पहुंचकर सपने टूटते रहे हैं। अगर यह बात महज अतिशयोक्ति लगे तो आंकड़े पर्याप्त हैं। श्रीलंका ने 1998 से यहां खेले गए 49 टेस्ट में से 27 में जीत दर्ज की है। उसकी इस बादशाहत में चतुर स्पिनरों की बड़ी भूमिका रही है। उसके पास अब प्रभात जयसूर्या और रमेश मेंडिस जैसे स्पिनर हैं, जिन्होंने गॉल को अपना किला बना रखा है। यह स्थिति भारतीय टीम के लिए अनुकूल नहीं है। उसके बल्लेबाज हाल के समय में मिचेल सेंटनर और साइमन हार्मर जैसे स्पिनरों के खिलाफ संघर्ष करते नजर आए हैं।
पडिक्कल के पास मौका
भारत को शीर्ष तीन बल्लेबाजों राहुल, यशस्वी और पडिक्कल से बड़ी पारियों की उम्मीद होगी। हालांकि गिल टीम की बल्लेबाजी के केंद्र में होंगे। पडिक्कल के पास सुदर्शन के पैर की अंगुली की चोट से वापसी करने पर भी नंबर तीन की जगह के लिए अपनी दावेदारी मजबूत करने का सुनहरा मौका है। पंत को भी बड़ी पारी खेलनी होगी।
मिलेगी कड़ी चुनौती
श्रीलंका की कोशिश लंबे समय तक लाल गेंद के क्रिकेट से दूर रहने की कमी को पूरा करते हुए भारत को कड़ी चुनौती देने की होगी। टीम ने जून-जुलाई में वेस्टइंडीज के खिलाफ खेलने से पहले करीब एक साल तक कोई टेस्ट मैच नहीं खेला था। कप्तान धनंजय डिसिल्वा को कैरेबियाई टीम से कहीं मजबूत भारतीय टीम के खिलाफ अपने खिलाड़ियों को एकजुट रखना होगा। हालांकि टेस्ट क्रिकेट में अपना कुछ रुतबा गंवा चुका भारत भी कई मुश्किलों से जूझ रहा है। वह स्वतंत्रता दिवस के मौके पर इन परेशानियों से बाहर निकलने की उम्मीद करेगा।
--------------------
प्रसारण : सुबह 10:00 बजे से
सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर
------------------
आमने-सामने
कुल मैच : 46
भारत जीता : 22
श्रीलंका जीता : 7
ड्रॉ : 17
------------------
नंबर गेम
-4 चार बाद दोनों आपस में टेस्ट सीरीज खेलेंगे। भारत में मार्च 2022 में खेली गई दो मैचों की सीरीज टीम इंडिया ने 2-0 से जीती थी
-9 साल बाद दोनों टीमें श्रीलंका में खेलेंगी। भारतीय टीम ने 2017 में तीन मैचों की सीरीज में मेजबान टीम का 3-0 से सफाया किया था
---------------------------


