न्यूयॉर्क में भारतीय नागरिक की गोली मारकर हत्या
हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
न्यूयॉर्क शहर में 27 वर्षीय भारतीय नागरिक गुरदीप सिंह की एक अज्ञात व्यक्ति ने गोली मारकर हत्या कर दी। यह घटना क्वींस के स्टेनली एवेन्यू के निकट हुई। सीसीटीवी फुटेज में दो लोगों के बीच कहासुनी और गोली चलाने की आवाज सुनाई दी। इस मामले में अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है और जांच जारी है।

न्यूयॉर्क, एजेंसी। अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर में 27 वर्षीय भारतीय नागरिक गुरदीप सिंह की कहासुनी के बाद एक अज्ञात व्यक्ति ने गोली मारकर हत्या कर दी। स्थानीय मीडिया की खबर से यह जानकारी मिली। क्वींस निवासी गुरदीप सिंह को शुक्रवार रात लगभग 10 बजे (स्थानीय समयानुसार) पूर्वी न्यूयॉर्क के स्टेनली एवेन्यू के निकट गोली मारी गई। घटना के बाद संदिग्ध मौके से फरार हो गया। सीबीएस न्यूज को मिली सीसीटीवी फुटेज में दो लोग सड़क पर लड़ते हुए दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद रोशनी की एक चमक दिखाई देती है, जिसे गोली चलने का संकेत माना जा रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, एक व्यक्ति जमीन पर गिर गया, जबकि दूसरा कार में बैठकर वहां से फरार हो गया।
अभी तक इस मामले में किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है और जांच जारी है।


