खेल : उन्नति और तन्वी सेमीफाइनल में पहुंचीं
शोल्डर : ताइपे ओपन : हुड्डा ने रोमांचक मुकाबले में हमवतन देविका को पराजित

ताइपे, एजेंसी। भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी उन्नति हुड्डा और तन्वी शर्मा ने शुक्रवार को दमदार प्रदर्शन जारी रखते हुए ताइपे ओपन के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। दुनिया की 28वें नंबर की खिलाड़ी उन्नति ने अपने ड्रॉप शॉट्स, बैकहैंड शॉट और आक्रामक स्मैश के दम पर हमवतन देविका सिहाग को 42 मिनट तक चले मुकाबले में 23-21, 21-16 से पराजित किया। तन्वी ने थाईलैंड की सुपानिडा काटेथोंग को 54 मिनट तक चले मुकाबले में 21-15, 18-21, 21-14 से शिकस्त दी। इससे पहले दो भारतीयों के बीच हुए मुकाबले का पहला गेम बेहद रोमांचक रहा। उन्नति और देविका में एक-एक अंक के लिए कड़ी टक्कर हुई। उन्नति ने शानदार शुरुआत करते हुए 11-3 की बढ़त बना ली, लेकिन देविका ने जोरदार वापसी करते हुए स्कोर 21-21 से बराबर कर दिया। उन्नति ने निर्णायक क्षणों में संयम बनाए रखते हुए लगातार दो अंक जीतकर पहला गेम अपने नाम कर लिया। वरीयता प्राप्त 18 वर्षीय उन्नति ने दूसरे गेम में दबदबा कायम रखा। आठवीं वरीय देविका ने कुछ चुनौती दी पर उन्नति के अनुभव के आगे उनका जोश काम नहीं आया।
सेमीफाइनल की तैयारी
सत्र के पहले सेमीफाइनल में अब उन्नति को वियतनाम की गुयेन थुई लिन्ह से पार पाना होगा। गुयेन ने चीनी ताइपे की चियू पिन-चियान को एक घंटे चार मिनट तक चले मुकाबले में 21-14, 19-21, 13-21 से बाहर का रास्ता दिखाया। वहीं दुनिया की 34वें नंबर की खिलाड़ी तन्वी की टक्कर अब स्थानीय खिलाड़ी हुआंग यू-ह्सुन से होगी। हुआंग ने एक गेम से पिछड़ने के बाद हमवतन लिन ह्सियांग टी को एक घंटे चार मिनट में 17-21, 21-13, 21-18 से मात दी। अगर उन्नति और तन्वी फाइनल में पहुंचने में सफल रहती हैं तो भारत के लिए ऐतिहासिक पल होगा। पहली बार इस टूर्नामेंट में दो भारतीय खिताब के लिए टकराएंगी।
किरण जॉर्ज का सफर खत्म
जॉर्ज का सफर थमा। किरन जॉर्ज की क्वार्टर फाइनल में हार के साथ पुरुष वर्ग में भारतीय चुनौती खत्म हो गई। जॉर्ज के जापान के चौथे वरीय युडाई ओकिमोटो के हाथों मात्र 33 मिनट में 12-21, 10-21 से शिकस्त झेलनी पड़ी।
----------------------


