भारत-ब्रिटेन ने रक्षा सहयोग की मजबूती का खाका तैयार किया
भारत और ब्रिटेन ने अपनी सेनाओं के बीच सहयोग को मजबूत करने के लिए सार्थक चर्चा की। 17 से 19 जून के बीच लंदन में हुई इस बैठक में बहु-स्तरीय सैन्य सहयोग, द्विपक्षीय सैन्य अभ्यास, और उभरती सैन्य प्रौद्योगिकियों पर बातचीत की गई। भारतीय सेना और ब्रिटिश सेना के बीच साझेदारी को मजबूत करने के लिए ठोस कदम उठाए गए।

नई दिल्ली, एजेंसी। भारत और ब्रिटेन ने दोनों देशों की सेनाओं के बीच साझेदारी तथा रक्षा सहयोग को मजबूत करने के लिए सार्थक चर्चा की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। भारतीय सेना ने मंगलवार को ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में बताया कि भारत-ब्रिटेन कार्यकारी संचालन समूह (ईएसजी) की 15वीं बैठक 17 से 19 जून के बीच लंदन में आयोजित की गई। चर्चा का मुख्य फोकस बहु-स्तरीय सैन्य सहयोग को आगे बढ़ाने पर रहा। इसके तहत दोनों देशों की सेनाओं के बीच बेहतर तालमेल, द्विपक्षीय संयुक्त सैन्य अभ्यास और प्रशिक्षण, विशिष्ट तथा उभरती सैन्य प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में विशेषज्ञों का आदान-प्रदान, प्रशिक्षण सहयोग के नए अवसरों की तलाश तथा रक्षा क्षेत्र के थिंक टैंक के बीच सहयोग पर विचार-विमर्श किया गया।
पोस्ट में कहा गया कि बातचीत रचनात्मक और भविष्य उन्मुखी थी, जिसमें भारतीय सेना और ब्रिटिश सेना के बीच रक्षा सहयोग को गहरा करने और उनकी मजबूत साझेदारी को और प्रगाढ़ करने के लिए एक ठोस खाका तैयार किया गया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


