सुथार और जडेजा की फिरकी में फंसी श्रीलंका
गॉल टेस्ट के तीसरे दिन भारत ने 178 रन की बढ़त हासिल की। श्रीलंकाई टीम को 284 रनों पर समेटते हुए रवींद्र जडेजा और मानव सुथार ने मिलकर सात विकेट निकाले। जडेजा ने अपने 350 विकेट पूरे किए। श्रीलंकाई खिलाड़ी डिकवेला ने 2,837 रन बनाकर खास सूची में स्थान बनाया।

- गॉल टेस्ट के तीसरे दिन भारत को 178 रन की मजबूत बढ़त, मेजबान 284 पर ढेर, रवींद्र और मानव ने मिलकर सात विकेट झटके गॉल, एजेंसी। टूटती पिच, रफ क्षेत्र से मिलता तीखा ‘घुमाव’...ऊपर से जडेजा-सुथार व कुलदीप की स्पिन तिकड़ी...गॉल टेस्ट के तीसरे दिन सोमवार को श्रीलंका का पुलिंदा बांधने के लिए यह काफी था। अगर सोनल दिनुषा का साहसी शतक न आता तो मेजबान टीम का 284 की जगह 150 रन पार भी करना मुश्किल था।
भारतीय स्पिन गेंदबाजों का बोलबाला
गॉल के टर्निंग ट्रैक पर भारतीय स्पिन गेंदबाजों का बोलबाला रहा। रवींद्र जडेजा ने तीन और मानव सुथार ने चार विकेट लेकर श्रीलंका की आधे से ज्यादा टीम को समेटा। बाकी काम कुलदीप, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा के 1-1 विकेट ने कर दिया। भारत ने पहली पारी के आधार पर 178 रनों की मजबूत बढ़त हासिल कर ली है।
मानव सुथार का प्रभावशाली प्रदर्शन
भारत की ओर से युवा लेफ्ट आर्म स्पिनर मानव सुथार ने अपनी पहली ही गेंद पर तहलका मचा दिया। उन्होंने 4 से 5 मीटर की ‘गुड-लेंथ जोन’ का बेहतरीन इस्तेमाल करते हुए अतिरिक्त स्पिन के साथ उछाल हासिल किया, जिस पर अनुभवी दिनेश चांदीमल दस्ताना छुआ बैठे और पीछे ऋषभ पंत ने कोई गलती नहीं की। सुथार की आक्रामक लाइन और लगातार ऑफ-स्टंप के बाहर गेंद को डिप कराने की क्षमता ने श्रीलंकाई शीर्ष क्रम को ड्राइव और कट शॉट के लिए मजबूर किया।
जडेजा का घातक खेल
दूसरी छोर से रवींद्र जडेजा ने ‘नेचुरल वेरिएशन’ को अपना सबसे घातक हथियार बनाया। कुछ गेंदें रफ से टकराकर तेजी से टर्न हो रही थीं, तो कुछ आर्म-बॉल की तरह सीधी जा रही थीं। इसी चतुराई से उन्होंने धनंजय डी सिल्वा को आउट किया। वहीं, कुलदीप यादव ने कामिंदु मेंडिस को हवा में ड्रिफ्ट और फ्लाइट से चौंकाया। मेंडिस हवा में शॉट खेल बैठे, जिसे शॉर्ट कवर पर शुभमन गिल ने अपने बाईं ओर छलांग लगाते हुए अविश्वसनीय कैच में बदल दिया। श्रीलंका एक समय 90/5 के स्कोर पर संकट में आ चुका था।
सोनल दिनुषा का पलटवार
जब पुरानी गेंद मुलायम हो गई तब सोनल दिनुषा (100) और निरोशन डिकवेला (80) ने ‘पलटवार’ की रणनीति अपनाई। दोनों बल्लेबाजों ने भारतीय स्पिनरों की लेंथ को बिगाड़ने के लिए ‘स्वीप’, ‘रिवर्स स्वीप’ और ‘स्लॉग स्वीप’ का ज्यादा इस्तेमाल किया। मध्य सत्र में रन रेट 4 प्रति ओवर तक पहुंच गया और श्रीलंका ने फॉलोऑन का खतरा टाल दिया।
खराब रोशनी के कारण खेल रोकना
चायकाल के बाद भारतीय तेज गेंदबाजों ने पुरानी गेंद से ‘रिवर्स स्विंग’ और ‘वॉबल-सीम’ का प्रदर्शन किया। प्रसिद्ध कृष्णा ने 62 ओवर पुरानी गेंद को बाहर की तरफ से सीम-अवे कराया, जिस पर डिकवेला का बाहरी किनारा लगा। इसके बाद जडेजा ने केशव नुवांता को आउट कर टेस्ट क्रिकेट में अपने 350 विकेट पूरे किए। खराब रोशनी के कारण 13 ओवर पहले खेल रोकना पड़ा।
--------------------------------------------------------
जडेजा के नाम नई उपलब्धि
- रवींद्र जडेजा के नाम टेस्ट क्रिकेट में 350 विकेट हो गए हैं₹। यह उपलब्धि हासिल करने वाले दुनिया के 9वें स्पिनर बने।
- बाएं हाथ के स्पिनरों द्वारा सर्वाधिक विकेट लेने के मामले में वह रंगना हेराथ (433) और डेनियल विटोरी (362) के बाद तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं।
- कम से कम 125 टेस्ट विकेट लेने वाले सभी बाएं हाथ के स्पिनरों में जडेजा का स्ट्राइक-रेट (58.1) बेहतरीन है। इस मामले में दक्षिण अफ्रीका के केशव महाराज (56.4) ही उनसे आगे हैं।
- जडेजा 350 टेस्ट विकेट लेने वाले पांचवें भारतीय गेंदबाज हैं। उनसे पहले अनिल कुंबले (619), अश्विन (537), कपिल देव (434) और हरभजन सिंह (417) ही ऐसा कर पाए थे।
डिकवेला का खास रिकॉर्ड
श्रीलंका के विकेटकीपर बल्लेबाज निरोशन डिकवेला ने टेस्ट क्रिकेट में 2,837 रन बना लिए हैं। खास बात यह है कि बिना शतक लगाए इतने रन बनाने में वह दूसरे नंबर पर हैं। उनसे ऊपर शेन वॉर्न हैं। जिन्हांने कुल 3,154 टेस्ट रन बनाए।


