जयशंकर यूएनजीए के 81वें सत्र में हिस्सा लेंगे
-सत्र का आयोजन 21 सितंबर से न्यूयार्क में होगा - महासभा में 193 देशों के

नई दिल्ली, विशेष संवाददाता, एजेंसी । विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर संयुक्त राष्ट्र संघ की वार्षिक महासभा के 81वें सत्र (यूएनजीए) में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे। सत्र का आयोजन 21 सितंबर से न्यूयार्क में होगा, जहां 26 सितंबर को जयशंकर महासभा को संबोधित करेंगे। विदेश मंत्रालय के अनुसार इस दौरान जयशंकर कई देशों के साथ द्विपक्षीय वार्ता भी करेंगे।
महासभा का महत्व
संयुक्त राष्ट्र के अनुसार, महासभा का 81वां सत्र वैश्विक सहयोग को मजबूत करने, सतत विकास लक्ष्यों (एसडीजी) को आगे बढ़ाने और शांति, सम्मान व समानता के लिए सामूहिक प्रयासों को गति देने पर केंद्रित है। महासभा की आम बहस 22 से 28 सितंबर तक चलेगी। इस दौरान संयुक्त राष्ट्र के 193 सदस्य देशों के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और वरिष्ठ प्रतिनिधि दुनिया के सामने मौजूद जटिल और एक-दूसरे से जुड़ी चुनौतियों पर अपने विचार और प्राथमिकताएं रखेंगे। 81वें सत्र की अध्यक्षता बांग्लादेश के खलीलुर रहमान करेंगे। इस सत्र की थीम है, ‘विश्वास बहाल करना, बदलाव का प्रबंधन करना: ऐसा संयुक्त राष्ट्र जो सभी के लिए काम करे।’
अंतरराष्ट्रीय सहयोग की आवश्यकता
दुनिया के सामने मौजूद चुनौतियों से निपटने के लिए अंतरराष्ट्रीय सहयोग जरूरी
न्यूयॉर्क, एजेंसी। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने विश्व नेताओं से शांति, सम्मान, न्याय और मानवता के लिए एकजुट होने की अपील की है। इस सप्ताह न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा का आयोजन होने जा रहा है। महासचिव के रूप में यह गुटेरेस की आखिरी संयुक्त राष्ट्र महासभा होगी। गुटेरेस ने रविवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी एक वीडियो संदेश में कहा कि दुनिया के सामने मौजूद चुनौतियों से निपटने के लिए अंतरराष्ट्रीय सहयोग जरूरी है।

