भारत बाढ़ से तबाह हुए विद्यालय का करेगा पुनर्निर्माण
हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
नेपाल में भारत के राजदूत नवीन श्रीवास्तव ने बिदुर के त्रिभुवन त्रिशूली माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेंद्र दवाड़ी से मुलाकात की। उन्होंने विद्यालय के पुनर्निर्माण में भारत के सहयोग की बात की। दवाड़ी ने हाल ही में आई बाढ़ से पहले विद्यालय को खाली कर 1,600 बच्चों की जान बचाई।

नेपाल में भारत के राजदूत नवीन श्रीवास्तव ने नुवाकोट के बिदुर स्थित त्रिभुवन त्रिशूली माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेंद्र दवाड़ी से मुलाकात की। राजदूत नवीन श्रीवास्तव ने दवाड़ी को बताया कि भारत भविष्य में इस विद्यालय के पूरे पुनर्निर्माण में सहयोग करेगा। यह स्कूल मूल रूप से 1950 के दशक में भारतीय सहायता से स्थापित किया गया था। इसका डिजाइन उस भारतीय इंजीनियर ने तैयार किया था, जो त्रिशूली जलविद्युत परियोजना के निर्माण से भी जुड़ा था। दवाड़ी ने 26 अगस्त को बाढ़ आने से ठीक पहले कुछ ही पलों में फैसला लेकर विद्यालय खाली करा दिया था। उनके इस फैसले से 1,600 से ज्यादा बच्चों की जान बच गई।
इसके कुछ ही देर बाद अचानक आई बाढ़ ने पूरे स्कूल परिसर को तबाह कर दिया था। राजदूत ने प्रधानाचार्य के तुरंत लिए गए फैसले की तारीफ की।


