भारत-ईयू एफटीए पर व्यापक चर्चा
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने यूरोपीय व्यापार आयुक्त से मुलाकात की। उन्होंने भारत-ईयू मुक्त व्यापार समझौते पर प्रगति की समीक्षा की। गोयल ने बताया कि दोनों पक्षों ने जी20 प्राथमिकताओं और विश्व व्यापार संगठन में सुधार पर चर्चा की। समझौता 2027 में लागू होने की उम्मीद है।

वाशिंगटन, एजेंसी। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने यूरोपीय व्यापार आयुक्त मारोस सेफकोविक से मुलाकात कर भारत और यूरोपीय संघ (ईयू) के बीच मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) को अंतिम रूप देने की दिशा में हुई प्रगति की समीक्षा की। गोयल ने बीते बुधवार को मिलवॉकी में जी20 व्यापार मंत्रियों की बैठक से इतर सेफकोविक से मुलाकात की।
मुक्त व्यापार समझौता की प्रगति
गोयल ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर पोस्ट में कहा कि उन्होंने सेफकोविक के साथ भारत-ईयू एफटीए पर हस्ताक्षर करने और इसे लागू करने की दिशा में हुई प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों ने भारत-ईयू व्यापार एवं प्रौद्योगिकी परिषद के तहत हुई प्रगति, विश्व व्यापार संगठन (डब्ल्यूटीओ) में सार्थक सुधार और जी20 की साझा प्राथमिकताओं पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया। भारत और ईयू ने इस साल जनवरी में मुक्त व्यापार समझौते को अंतिम रूप दिया था। इसके लिए प्रारंभिक बातचीत 2007 में शुरू हुई थी। यूरोपीय आयोग ने 11 सितंबर को यूरोपीय संघ की परिषद से भारत-ईयू मुक्त व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर करने और इसे अंतिम रूप देने की अनुमति देने का औपचारिक अनुरोध किया था। भारत-ईयू एफटीए पर इस साल के अंत में हस्ताक्षर होने की उम्मीद है। यह समझौता 2027 की शुरुआत में लागू हो सकता है।
भारत से कार के निर्यात में वृद्धि
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने बताया कि भारत और यूरोपीय मुक्त व्यापार संघ (ईएफटीए) के बीच व्यापार समझौता लागू होने के बाद ईएफटीए देशों को कार, भारी पानी और ढलाई के नमूनों जैसी वस्तुओं का निर्यात तेजी से बढ़ा है। भारत और चार सदस्यीय यूरोपीय मुक्त व्यापार संघ (ईएफटीए) ने पिछले साल एक अक्टूबर को व्यापार एवं आर्थिक भागीदारी समझौते (टीईपीए) को लागू किया था। आइसलैंड, लिशटेंस्टीन, नॉर्वे और स्विट्जरलैंड इस समूह के सदस्य हैं। गोयल ने कहा कि एक उल्लेखनीय परिणाम यह है कि व्यापार एवं आर्थिक भागीदारी समझौता लागू होने के बाद से भारत का मोटर कार और अन्य मोटर वाहन, भारी पानी तथा ढलाई के नमूनों का निर्यात उल्लेखनीय रूप से बढ़ा है। यह तो अभी शुरुआत है।


